ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश आगरासंग्रह अमीन की वसूली से तंग किसान ने जान दी

संग्रह अमीन की वसूली से तंग किसान ने जान दी

एक तरफ मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी किसानों की कर्जमाफी का एलान कर चुके हैं। दूसरी तरफ कर्ज नहीं चुकाने वाले किसानों का उत्पीड़न हो रहा है। रविवार को सैंया के गांव ताहरपुर में कर्ज के बोझ तले दबे एक...

संग्रह अमीन की वसूली से तंग किसान ने जान दी
हिन्दुस्तान टीम,आगराMon, 26 Jun 2017 06:59 PM
ऐप पर पढ़ें

एक तरफ मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी किसानों की कर्जमाफी का एलान कर चुके हैं। दूसरी तरफ कर्ज नहीं चुकाने वाले किसानों का उत्पीड़न हो रहा है। रविवार को सैंया के गांव ताहरपुर में कर्ज के बोझ तले दबे एक किसान ने कर्ज वसूली के लिए हो रहे उत्पीड़न से तंग आकर फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली।

सैंया ब्लॉक के गांव ताहरपुर निवासी राजेश पुत्र विजय सिंह ने पांच साल पहले अपनी जमीन बंधक रख भूमि विकास बैंक से 60 हजार रूपये का फसली ऋण लिया था। लगातार दो साल उसके फसल पहले सूखा, तो फिर अतिवृष्टि की भेंट चढ़ गई। तीसरी साल भी उत्पादन नहीं हुआ। फसल में लगातार घाटा होने के कारण वो कर्ज नहीं चुका सका। बैंक ने मृतक को डिफॉल्टर घोषित करते हुए उसके खिलाफ राजस्व की रिकवरी निकाल दी। आरोप है कि राजस्व संग्रह अमीन आए दिन घर आकर कर्ज चुकाने के लिए उस पर दबाव डालता। उसे गांव में बेइज्जत करता। मृतक किसान की पत्नी मेनका का आरोप है कि 17 जून को संग्रह अमीन मानिक चंद्र घर आया। मृतक राजेश को घर के अंदर से कॉलर पकड़ कर घसीटता हुआ बाहर ले गया। जेल भेजने और खेत कुर्क करने की धमकी दी।

उस दिन ग्रामीणों के हस्तक्षेप करने पर संग्रह अमीन राजेश को छोड़ गया। लेकिन उस दिन की घटना से राजेश बहुत विचलित हो गया। उसने खाना-पीना छोड़ दिया था। कर्ज चुकाने की चिंता उसे दिन रात खाये जा रही थी। परंतु उसे कर्ज चुकाने का कोई उपाय नहीं सूझ रहा था। शनिवार सुबह फिर दोबारा संग्रह अमीन मानिक चंद्र राजेश के घर आया, लेकिन राजेश उस समय घर पर मौजूद नहीं था। अमीन राजेश की पत्नी मेनिका से अभद्रता करते हुए 30 जून तक कर्ज नहीं चुकाने पर राजेश को जेल भेजने की धमकी दे गया। शाम को जब राजेश घर लौटा, तो उसकी पत्नी ने उसे पूरी बात बताई। पूरी रात राजेश को नींद नहीं आई। देर रात उसने घर में ही फांसी के फंदे से लटकर आत्महत्या कर ली। किसान की मौत से पूरे गांव में कोहराम मच गया।इस घटना से ग्रामीणों में भारी रोष है। सूचना पर पुलिस ने पहुंच मृतक किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूरे मामले की शिकायत करते हुए मृतक की पत्नी ने अमीन के खिलाफ थाना सैंया में तहरीर दी है। साथ ही ग्रामीणों ने मृतक किसान के परिवार को आर्थिक मदद दिलाए जाने की मांग की।

इस संबंध में ग्राम प्रधान गीतम सिंह ने बताया कि मृतक किसान कई वर्षों से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। पारवारिक आर्थिक स्थिति बहुत खराब थी। उसने परिवार के अपमान से तंग आकर प्राणघातक कदम उठाया।

मामला मेरी जानकारी में आया है। भूमि विकास बैंक का कर्ज माफ नहीं है। संग्रह अमीन गांव-गांव जाकर कर्ज चुकाने के लिए कह रहे हैं। यदि अमीन ने धमकी दी हैं और धमकी के कारण किसान ने आत्महत्या की है, तो मामले की जांच होगी।

-विनीता सिंह, एसडीएम, खेरागढ़

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें