ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश आगराVIDEO: यूपी में टोल पर पुलिस की गुंडागर्दी, लूटा कैश

VIDEO: यूपी में टोल पर पुलिस की गुंडागर्दी, लूटा कैश

मथुरा में हाईवे पर मंगलवार की रात गश्त पर निकले सीओ रिफाइनरी नितिन सिंह का टोल कर्मियों से विवाद हो गया। विवाद के बाद पुलिस रौद्र रूप में आ गई। महुअन टोल पर तांडव किया। मारपीट ही नहीं कैश तक लूटा...

मथुरा के फरह टोल पर गल्ले से पैसा निकालता सिपाही।
1/ 2मथुरा के फरह टोल पर गल्ले से पैसा निकालता सिपाही।
मथुरा के फरह टोल पर टोलकर्मी को पीटता पुलिसवाला।
2/ 2मथुरा के फरह टोल पर टोलकर्मी को पीटता पुलिसवाला।
फरह (मथुरा),हिन्दुस्तान संवादThu, 24 Aug 2017 09:13 AM
ऐप पर पढ़ें

मथुरा में हाईवे पर मंगलवार की रात गश्त पर निकले सीओ रिफाइनरी नितिन सिंह का टोल कर्मियों से विवाद हो गया। विवाद के बाद पुलिस रौद्र रूप में आ गई। महुअन टोल पर तांडव किया। मारपीट ही नहीं कैश तक लूटा गया। पुलिस गुंडई सीसीटीवी कैमरे में कैद है। वीडियो वायरल हुआ तो अधिकारियों के होश उड़ गए। मामला आईजी रेंज के संज्ञान में है। उन्होंने एसपी सिटी को जांच सौंपी है। सीओ रिफाइनरी ने मारपीट व अभद्रता पर प्रबंधक व कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा लिखाया है।

घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे की है। सीओ रिफाइनरी नितिन सिंह पुलिस कर्मियों के साथ बूथ नम्बर-13 से गुजर रहे थे। टोल प्रबंधक के अनुसार वह बूथ फास्ट ट्रैक है। एक वाहन के निकलते ही बूम अपने आप गिर जाता है। सीओ की गाड़ी के आगे एक मेटाडोर थी। मेटाडोर के निकलते ही बूम गिर पड़ा सीओ की गाड़ी से टकराया। इस पर सीओ को गुस्सा आ गया। आरोप है कि वह गाड़ी से उतरे। कर्मचारियों को हड़काया। बूम को सही करने एक टोल कर्मी आया तो वह उनके गुस्से का शिकार बन गया। सीओ के साथ मौजूद पुलिस कर्मियों ने मारपीट शुरू कर दी। जो कर्मचारी मिला उसे लेटाकर पीटा। डंडे बरसाए। आरोप है कि सीओ ने फरह थाने से भी पुलिस को बुला लिया।

टोल कर्मचारियों के अनुसार टोल के अन्दर घुसकर पुलिस कर्मियों ने कर्मचारियों को बेरहमी से पीटा। सवा घंटे रात में टोल फ्री रहा। सैकड़ों वाहन बिना टोल दिए गुजर गए। अफरातफरी मच गई। कर्मचारी जान बचाकर खेतों में छिप गए। रिलायंस के कैशियर दीपक को तो लेटाकर लात-घूंसों से पीटा। आरोप है कि पुलिस कर्मी पैसे भी लूट ले गए। लूट का वीडियो वायरल हुआ है। सिपाही कैश लूटते साफ दिख रहा है।

वहीं पुलिस का कहना है कि एक कार सवार से टोल कर्मियों ने अभद्रता कर जबरन रुपये लिए थे। इसकी शिकायत टोल से पहले खड़े सीओ से की तो वह गश्त पर जाते समय वहां पहुंच गए। टोल कर्मियों को बुलाने सिपाही भेजा। टोल कर्मियों ने उससे अभद्रता कर दी। जब वह गाड़ी से गए तो उनके हाथ पर एक कर्मी ने बैरियर गिरा दिया। इससे उनके हाथ में चोट लग गई। खून निकल आया।  एक दो उपद्रव करने वालों से मारपीट की गई। सीओ ने टोल प्रबंधक समेत अन्य कर्मियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस से अभद्रता का मुकदमा लिखाया है।

एसपी सिटी को दिखाए सीसीटीवी फुटेज
फरह। पीड़ित रिलायंस अधिकारी और एआर टोल के पदाधिकारी बुधवार को एसएसपी से मिलने पहुंचे, लेकिन वह नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने एसपी सिटी को समस्या से अवगत कराया और लिखित शिकायत देते हुए सीसीटीवी फुटेज भी एसपी सिटी को दिखाए। फुटेज में मेटाडोर के पीछे सीओ की गाड़ी आती है। अचानक बूम गिर जाता है। इसके बाद कहर का दौर चलता है। एक दो पुलिस कर्मियों को जेब में पैसे ठूंसते हुए भी फुटेज में देखा जा सकता है। एसपी सिटी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। एआरटोलवेज के प्रबंधक अनूप यादव ने बताया कि आईजी रेंज को घटना से अवगत कराया गया है। उनको फुटेज की सीडी भी भेजी गई है। 

सीओ और पुलिसकर्मी बूथ नम्बर13 की लेन से गाड़ी से गुजर रहे थे। अचानक बूम गिर गया, क्योंकि वह लेन फास्ट ट्रैक है। कम्प्यूटराइज्ड सिस्टम के तहत काम करता है। इसी बात पर सीओ रिफाइनरी ने टोल कर्मियों को बुरी तरह पीटा। पुलिस कर्मियों ने टोल का कैश लूट लिया। टोल सवा घंटे तक फ्री रहा। पुलिस कर्मी नशे में थे।- अनूप यादव, प्रबधंक, एआर टोलवेज महुअन टोल

सीओ रिफाइनरी नितिन कुमार ने थाने में टोलप्रबंधक समेत 20-22 लोगों के खिलाफ गुंडागर्दी करने और लोगों के साथ अभद्रता मारपीट करने के साथ ही पुलिस पर हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।- यशपाल सिंह, एसएसआई थाना फरह

मैं रात में हाइवे पर गश्त पर था। टोल पर खुलकर गुंडई की शिकायत मिल रही थी। टोल से पहले उनकी गाड़ी खड़ी थी। तभी कार सवार तीन लोगों ने उनसे टोल कर्मियों द्वारा जबरन रुपये लूटने की शिकायत थी। इस पर वह टोल पर पहुंचे और वहां टोल कर्मियों से बात करने के लिए सिपाही को बुलाने भेजा। इस पर कर्मी ने पहले सिपाही से अभद्रता की। उन पर हमला किया गया। हाथ में चोट आई है। कर्मचारी एकत्रित हो गए थे। फरह पुलिस को बुला लिया। टोल कर्मी खेतों में भाग गए। वहां से पथराव करने लगे। टोल प्रबंधक समेत बीस लोगों के खिलाफ फरह थाने में रिपोर्ट लिखाई गई है। एक सीओ से भी टोल कर्मी गुंडई और मारपीट करें तो पुलिस चुप तो बैठेगी नहीं। अराजकता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। टोल पर सिपाहियों की वीडियो देखकर उनके खिलाफ निलंबन की रिपोर्ट भेज दी है। सिपाहियों की हरकत भी माफी योग्य नहीं है।- नितिन सिंह, सीओ रिफाइनरी

अवैध वसूली की सूचना पर सीओ पुलिसकर्मियों के साथ फरह टोल पर गए थे। पूछताछ के दौरान विवाद हुआ। सीओ की तरफ से एफआईआर कराई गई है। टोलकर्मी अगर लिखित शिकायत देते हैं तो उसकी और वीडियो में दिख रहे दृश्यों की भी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।- श्रवण कुमार सिंह, एसपी/प्रभारी एसएसपी

एसपी सिटी श्रवण कुमार सिंह को घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा।- मुथा अशोक जैन, आईजी रेंज

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें