आगरा में बदमाशों ने मारी थी रिफाइंड कारोबारी को गोली
दो नंवबर को कमला नगर के जी ब्लाक में रिफाइंड कारोबारी शत्रुघ्न पंजवानी को गोली बदमाशों ने मारी थी। कारोबारी पर हमला किसी रंजिश के तहत नहीं बल्कि लूट के इरादे से हुआ था। पुलिस के हाथ कुछ ठोस सुराग...
दो नंवबर को कमला नगर के जी ब्लाक में रिफाइंड कारोबारी शत्रुघ्न पंजवानी को गोली बदमाशों ने मारी थी। कारोबारी पर हमला किसी रंजिश के तहत नहीं बल्कि लूट के इरादे से हुआ था। पुलिस के हाथ कुछ ठोस सुराग लगे हैं। वर्ष 2015 में पांच किलोग्राम सोना लूटने वाले बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है। खुलासे की जल्द उम्मीद है। गैंग के कुछ सदस्य अभी जेल में हैं।
याद रहे कि जी-109 निवासी शत्रुघ्न पंजवानी स्कूटर से मोतीगंज से लौट रहे थे। गंज में उनकी लक्ष्मण ट्रेडर्स के नाम से दुकान है। गोली उनकी जांघ में लगी थी। यह उन पर तीसरा हमला था। पहले भी दो बार उनके साथ वारदात का प्रयास हुआ था। बदमाश लूट करना चाहते थे। उन्हें यह नहीं पता था कि जिस थैले को लूट रहे थे उसमें कैश नहीं टिफिन था। साहसी कारोबारी ने वह थैला भी नहीं छोड़ा था। एक बदमाश को पकड़ लिया था।
छानबीन में जुटी पुलिस को कुछ बदमाशों के नाम मिले हैं। ये बदमाश पुलिस रिकार्ड में पहले से हैं। यह इनकी पहली वारदात नहीं हैं। बल्केश्वर निवासी सराफा कारोबारी रिंकू बंसल से पांच किलोग्राम सोना भी इसी गैंग ने लूटा था। पुलिस गैंग पर शिकंजे के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। कुछ लोगों को पकड़ा गया है। दूसरी वारदात के भी खुलासे की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस इस संबंध में ज्यादा कुछ बताने को तैयार नहीं है। पुलिस का कहना है कि एक गैंग पर काम चल रहा है।