फोटो गैलरी

Hindi News खेलतो इस वजह से विश्व चैंपियनशिप में नहीं खेल पाएंगी दीपा करमाकर

तो इस वजह से विश्व चैंपियनशिप में नहीं खेल पाएंगी दीपा करमाकर

रियो ओलंपिक में ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रहने के बाद किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेने वाली भारतीय जिम्नास्ट दीपा करमाकर विश्व जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में भी नहीं खेल पाएंगी क्योंकि वह अभी घुटने...

तो इस वजह से विश्व चैंपियनशिप में नहीं खेल पाएंगी दीपा करमाकर
एजेंसी,नई दिल्लीThu, 22 Jun 2017 09:23 PM
ऐप पर पढ़ें

रियो ओलंपिक में ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रहने के बाद किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेने वाली भारतीय जिम्नास्ट दीपा करमाकर विश्व जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में भी नहीं खेल पाएंगी क्योंकि वह अभी घुटने के आपरेशन से उबर रही हैं। यह इस 23 वर्षीय खिलाड़ी के लिये एक और झटका है। वह इससे पहले चोट के कारण इस साल के शुरू में एशियाई चैंपियनशिप में भी हिस्सा नहीं ले पायी थी।

उनका अप्रैल में आपरेशन हुआ था और इसके बाद के उनके उपचार में छह महीने का समय लगेगा। इसके बाद ही वह अभ्यास शुरू कर सकती हैं। विश्व चैंपियनशिप अक्टूबर में कनाडा में होगी। दीपा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि चोट के मामले में आप कुछ नहीं कर सकते। एक खिलाड़ी के लिये यह निराशाजनक होता है लेकिन मैं इस झटका नहीं मानूंगी हालांकि यह निश्चित तौर पर एक चुनौती है।

अपने कोच बिश्वेश्वर नंदी के साथ इंदिरा गांधी स्टेडियम में ठहरी दीपा ने जॉगिंग शुरू कर दी है लेकिन वह छह महीने का रिहैब समाप्त होने के बाद ही अभ्यास के बारे में सोच सकती है। नंदी ने कहा कि दीपा विश्व चैंपियनशिप के लिये तैयार नहीं हो पाएगी और इसलिए उनका ध्यान अगले साल होने वाले राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों पर है। 

उन्होंने कहा कि मैं नहीं चाहता कि वह केवल भागीदारी के लिये विश्व चैंपियनशिप में जाए। उसके लिये इस बड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिये पूरी तरह से तैयार होना संभव नहीं होगा। नंदी ने कहा कि चोट से वापसी करना चुनौती होता है लेकिन इसके साथ ही आपको यह भी ध्यान रखना पड़ता है आप प्रतियोगिता के दौरान चोटिल हो सकते हो। रियो में एक भागीदार के साथ ऐसा हुआ था। जिम्नास्टिक खतरनाक खेल है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें