काशी में आज अरविंद केजरीवाल ने दिखाई 'आप' की ताकत
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने भाजपा नेता नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि दोनों हेलीकॉप्टर से उड़ान भर रहे हैं। इनके पास तक जनता फटक नहीं...
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने भाजपा नेता नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि दोनों हेलीकॉप्टर से उड़ान भर रहे हैं। इनके पास तक जनता फटक नहीं सकती।
उन्होंने कहा कि ऐसा सांसद चुनिये, जो उनके दु:ख दर्द में शामिल हो सके। केजरीवाल बुधवार को नामांकन दाखिल करने से पहले लहुराबीर स्थित आजाद पार्क के पास लोगों को सम्बोधित कर रहे थे।
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि बनारस में गंगा मैली हुई नहीं है की,गई। यह भ्रष्ट व्यवस्था का नतीजा है। इस व्यवस्था को बदलना पड़ेगा। भाजपा और कांग्रेस दोनों इसके लिए दोषी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी और राहुल गांधी चुनाव प्रचार में बेतहाशा पैसा खर्च कर रहे हैं।
केजरीवाल ने लोगों से कहा कि वे फैसला करें, कि उन्हें किस तरह का लोकतंत्र चाहिए। उहोंने कहा कि 'मैं एक फकीर हूं। मेरे पास पैसे नहीं हैं। जनता से पैसे लेकर प्रचार करूंगा।
केजरीवाल ने कहा कि बनारस की खस्ताहाल सड़कें, बदहाल बुनकर, बिजली और पानी की समस्या के लिए भ्रष्ट व्यवस्था ही जिम्मेदार है। इस व्यवस्था को बदलना है। केजरीवाल ने कहा कि बीएचयू के संस्थापक मदन मोहन मालवीय ने तय किया था कि बीएचयू कैम्पस का कभी राजनीतिक उपयोग नहीं किया जायेगा। लेकिन अब हो रहा है। नरेन्द्र मोदी का हेलीकॉप्टर वहीं उतरेगा।
लहुराबीर पर जीप से ही लोगों को सम्बोधित करने के बाद वे नामांकन के लिए कचहरी रवाना हो गए। उनके साथ समर्थक पैदल चल रहे थे। खुली जीप पर केजरीवाल के साथ मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, आशुतोष, सोमनाथ भारती, राखी बिड़लान और अलका लाम्बा आदि सवार थे। नामांकन जुलूस में देशभक्ति गीत भी बज रहे थे।
इससे पहले केजरीवाल ने मलदहिया स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वह लहुराबीर पहुंचे वहां पर चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर मार्ल्यापण किया। यहां से वह नामांकन के लिए रवाना हुए। तेलियाबाग पर कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध करने की कोशिश की। पहली बार केजरीवाल की सुरक्षा में ब्लैक कैट कमांडो लगाए गए थे।
खटारा जीप पर सवार थे अरविंद
नामांकन करने गए केजरीवाल पुरानी जीप पर सवार थे। उन्होंने लोगों से कहा कि उनके पास पैसा नहीं हैं। वह लोगों के मदद से ही चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने लोगों से मदद की अपील की। कहा कि मां और पिता उनके साथ है। बस जनता का प्यार चाहिए।