फोटो गैलरी

Hindi Newsकांग्रेस, सपा और बसपा ने देश को लूटा: राजनाथ सिंह

कांग्रेस, सपा और बसपा ने देश को लूटा: राजनाथ सिंह

भाजपा सुप्रीमो राजनाथ रविवार को आंवलखेड़ा में सिंह की तरह दहाड़े। विरोधियों की एक-एक करके खबर ली। सबसे ज्यादा हमले कांग्रेस पर किए। कहा कि कांग्रेस ने देश को कंगाल किया। सपा और बसपा ने उसका साथ दिया।...

कांग्रेस, सपा और बसपा ने देश को लूटा: राजनाथ सिंह
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 20 Apr 2014 09:20 PM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा सुप्रीमो राजनाथ रविवार को आंवलखेड़ा में सिंह की तरह दहाड़े। विरोधियों की एक-एक करके खबर ली। सबसे ज्यादा हमले कांग्रेस पर किए। कहा कि कांग्रेस ने देश को कंगाल किया। सपा और बसपा ने उसका साथ दिया। दिखावे को तीनों पार्टियां फर्जी कुश्ती लड़ती रहती हैं। पड़ोसी देश आखें तरेरते रहते हैं। तीनों पार्टियां चुप रहती हैं। साफ है, तीनों अंदरखाने मिले हुए हैं।

आंवलखेड़ा बाजार के सड़क किनारे खेत में भाजपा अध्यक्ष राजनाथ का हैलीकॉप्टर सुबह ठीक 11:22 पर उतरा। इसके बाद जनसभा शुरू हुई। स्वागत की औपचारिकताओं के बाद पार्टी सुप्रीमो ने भाषण शुरू किया। शुरूआत ‘मुलायम’ रही। बोले कि आगरा सीट से प्रत्याशी डा. रामशंकर के लिए वोट मांगने आया हूं। सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं, देश बनाने के लिए। उन्होंने भारत को प्राकृतिक संसाधनों का देश बताया। कहा कि यहां की धरती खोदो तो सोना, चांदी, एल्युमिनियम, कोयला खूब निकलता है। 125 करोड़ की जनशक्ति भी है। आजादी के बाद 67 सालों में कांग्रेस ने 55 साल शासन किया। इन वर्षों में कांग्रेस ने देश को कंगाल कर दिया। सपा और बसपा ने भी कांग्रेस को कभी नहीं रोका। श्री सिंह ने पड़ोसी देशों की हिमाकत पर भी कांग्रेस को घेरा। बोले कि चीन घुसपैठ बढ़ा रहा है। अब वो अरुणाचल प्रदेश पर दावा करेगा। पाकिस्तानी जवान हमारी सीमा में घुसकर सैनिकों के सिर काट ले जाते हैं। शव कुचलते हैं। उन पर जश्न मनाते हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री मनमोहन, सोनिया और राहुल हाथ पर हाथ धरे बैठे रहते हैं। मुलायम और मायावती दबाव नहीं बनाते। एक बार फिर श्री सिंह यूपी के हालातों पर पलटे। कहा कि दो साल की सपा सरकार में 200 दंगे हो गए। बाह में सपाइयों ने पुलिस को पीटा। किसी सपा नेता का बयान इस घटना पर नहीं आया। मुलायम बलात्कारियों के पक्ष में बयान देते फिर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद यह सब नहीं हो पाएगा। ठीक आधा घंटा के भाषण में श्री सिंह ने किसान, नौजवान, बिजली, पानी जैसे लगभग सभी मुद्दे छुए। अंत में पार्टी प्रत्याशी डा. रामशंकर कठेरिया को जिताने के लिए भीड़ को संकल्प दिलाया।

हमारे शासन में क्यों नहीं बढ़ी मंहगाई
पार्टी सुप्रीमो ने लोगों को 1998 से 2004 तक भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई ने छह साल तक महंगाई को बांधे रखा। भारत और पाकिस्तान युद्ध इसी दौरान हुआ। युद्ध के दौरान खजाने पर बोझ पड़ता है। इधर श्री बाजपेई को वैज्ञानियों ने परमाणु शक्ति परीक्षण की राय दी। इस पर ताकतवर देशों ने भारत को आर्थिक मदद बंद करने की धमकी दी। भाजपा सरकार ने धमकी की परवाह किए बगैर पोखरण में धमाके किए। पूरी दुनिया को देश की ताकत का एहसास कराया। विदेशी देशों ने आर्थिक मदद बंद कर दी। इसके बावजूद महंगाई नहीं बढ़ी। कारण कि महंगाई सिर्फ भ्रष्टाचार से बढ़ती है। कांग्रेस के घोटाले इसका सबूत हैं।

पुलिस वाले पिट रहे, सपाई नेता खामोश
सिंह ने प्रदेश की हालातों पर चिंता जताई। बोले कि शनिवार को बटेश्वर में चेकिंग के दौरान सपाइयों ने पुलिस अधिकारी और सिपाही को पीटा। चुनाव चल रहे हैं। आयोग की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद चल रही हैं। ऐसे में क्या अधिकारी जांच नहीं कर सकते? श्री सिंह बोले कि- ‘मैं तो कहता हूं पुलिस चाहे तो राजनाथ की भी जांच कर सकती है। इसमें क्या बुराई है?’ क्या मुलायम सिंह नियमों का पालन नहीं करेंगे। उन्होंने हैरत जताई कि इतनी बड़ी घटना पर सपा के किसी नेता ने खेद तक नहीं जताया। कोई बयान नहीं दिया।

बसपा भ्रष्टाचारी, कांग्रेस की पिछलग्गू
राजनाथ ने बसपा पर भी जमकर तीर चलाए। कहा कि बसपा भ्रष्टाचारी पार्टी है। उनके तमाम नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के मुकदमे चल रहे हैं। कार्यवाही से बचने के लिए बसपा कांग्रेस की पिछलग्गू पार्टी हो गई है। उसे समर्थन करती है। उन्होंने दहाड़ते हुए कहा कि कमजोर कड़ी बनने से क्या फायदा, शेर बनकर राजनीति कीजिए। इस पर जनता ने खूब तालियां बजाईं।

लोहिया के सिद्धांतों को भूले सपाई चेले
भाजपा प्रमुख ने कहा कि सपाई डा. राम मनोहर लोहिया को आदर्श मानते हैं। अनुयायी कहते हैं। जबकि डा. लोहिया ने कहा था कि कांग्रेस की सरकार रहते भारत कभी धनवान नहीं बन सकता। कुर्सी के लिए सपाई लोहिया के सिद्धांतों के खिलाफ हो गए हैं। उन्होंने देश को कांग्रेस से मुक्त कराने को कहा था। जबकि सपाई कांग्रेस की सरकार बनाने में मदद करते हैं।

मोदी को सोच-समझकर चुना गया
राजनाथ ने कहा कि पीएम पद के लिए मोदी को बहुत सोच-समझकर चुना गया है। संसदीय बोर्ड की बैठक ने उनके नाम पर मुहर लगाई है। तब उनका एलान किया गया। इसके बाद उन पर सबसे ज्यादा राजनैतिक हमले हुए। मोदी दिनोंदिन निखरते चले गए। अमेरिका कहता था कि मोदी को वीजा नहीं देगा। अब उसी अमेरिकी संसद की रिसर्च कमेटी मोदी की प्रशंसा कर रही है। सोनिया गांधी की अध्यक्षता वाला राजीव गांधी फाउंडेशन भी तारीफ करता है। गुजरात में उनके विकास को देखकर लोग उन्हें देश की बागडोर सौंपने का मन बना चुके हैं।

संसद में अच्छा बोलते हैं डा. रामशंकर
अंत में भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी प्रत्याशी डा. रामशंकर कठेरिया के लिए वोट मांगे। उनकी तारीफ की। कहा कि उन्होंने डा. कठेरिया को संसद में बोलते सुना है। वे अच्छा बोलते हैं। आगरा की आवाज कई बार बुलंद तरीके से उठा चुके हैं। केंद्र की अकर्मण्य सरकार की वजह से बेचारे कुछ खास नहीं कर पाए। लिहाजा इस बार उन्हें हजारों में नहीं, लाखों में जिताकर दिल्ली भेजें।

आगरा से पहुंची टीम बीजेपी
सभा की अध्यक्षता श्याम बाबू शर्मा, संचालन नवीन जैन ने किया। ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल, जिलाध्यक्ष अशोक राना, आगरा से प्रत्याशी सांसद डा. रामशंकर कठेरिया, बेबीरानी मौर्य, प्रत्येन्द्र पाल सिंह, डा. कुंदनिका शर्मा, हेमेन्द्र शर्मा, विजय शिवहरे, डा. अवधेश रावत, ऋषि उपाध्याय, रामकुमार शर्मा, अजय जैसवाल, दीपक खरे, सुनील शर्मा, जयराम कैम, अरुण पाराशर, अशफाक सैफी, राजकुमार पथिक, शरद चौहान, बॉवी वर्मा, श्याम सिंह चाहर, अनुराग चतुर्वेदी, सीताराम परमार, कौशलेन्द्र सिंह, मुकेश गुप्ता, वीरेन्द्र जैन, रामकिशन चाहर, राणाप्रताप सिकरवार, महेश जैन, रामनिवास शर्मा, जितेन्द्र सिंह, मनीष गौतम, नवीन गौतम, गौरव राजावत , जय सिंह प्रधान, पप्पू कोरी मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर महानगर अध्यक्ष नगेन्द्र प्रसाद दुबे ‘गामा’, विधायक जगन प्रसाद गर्ग, केपी सिंह फौजदार, हरि भदौरिया, भानू महाजन ने किया।

तमाम ने ली भाजपा की सदस्यता
राजनाथ की जनसभा में तमाम नेताओं ने पुरानी पार्टियां छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। एत्मादपुर से दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके सपा नेता घनश्याम प्रेमी, बसपा के पूर्व पार्षद कन्हैयालाल कुशवाह, रामखिलाड़ी चौहान, उप्र कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव रजनीश गुप्ता, प्रवेन्द्र सिंह, रालोद के प्रदेश सचिव चौ. ओमवीर सिंह, अनवर सिंह यादव, मेवाराम सिंह यादव, जगदीश यादव, रघुराज सिंह समर्थकों समेत पार्टी में शामिल हो गए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें