फोटो गैलरी

Hindi Newsकुमार विश्वास ने दी राहुल, प्रियंका के खिलाफ तहरीर

कुमार विश्वास ने दी राहुल, प्रियंका के खिलाफ तहरीर

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी से चुनाव लड़ रहे आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी कुमार विश्वास ने शुक्रवार को राहुल तथा उनकी बहन प्रियंका समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या की साजिश रचने के...

कुमार विश्वास ने दी राहुल, प्रियंका के खिलाफ तहरीर
एजेंसीFri, 18 Apr 2014 03:45 PM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी से चुनाव लड़ रहे आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी कुमार विश्वास ने शुक्रवार को राहुल तथा उनकी बहन प्रियंका समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या की साजिश रचने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराने की तहरीर दी।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि विश्वास ने प्रियंका, राहुल और उनके प्रतिनिधि चंद्रकांत दुबे तथा एक वीडियो फुटेज में उनकी हत्या की बात करने वाले विनोद मिश्र तथा कुछ अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ गौरीगंज कोतवाली में तहरीर दी है।

पुलिस अधीक्षक हीरालाल ने कहा कि विश्वास ने जो प्रार्थनापत्र दिया है उसकी जांच करायी जाएगी और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। फिलहाल मुकदमा लिखा जा रहा है। इस बीच, विश्वास ने बताया कि गत 15 अप्रैल को अमेठी के दौरे पर आयीं प्रियंका और कांग्रेस के एक समर्थक विनोद मिश्र का वीडियो एक समाचार एजेंसी ने लीक किया है, जिसमें मिश्र प्रियंका से कथित तौर पर कह रहा है कि विश्वास राहुल भैया के खिलाफ बहुत बोल रहा है, मैं उसे गोली मार दूंगा।

उन्होंने कहा कि प्रियंका ने यह बात पुलिस को बताने के बजाय मिश्र को अपने गेस्ट हाउस में बुलाया और उसे अपने साथ ले जाने की बात कही। ऐसा करके प्रियंका ने मिश्र की अपराध की मंशा को छुपा लिया जिसकी वजह से उन्हें हत्या की साजिश में शामिल माना जाएगा।

विश्वास ने कहा एक आदमी मुझे गोली मारने की बात कर रहा है और प्रियंका उसे गेस्ट हाउस बुला रही हैं। कांग्रेस के जिला सचिव इशराक अहमद ने पहले मुझ पर हमला किया था। क्या राहुल यह चाहते हैं कि जो उन्हें हरा रहा है उसे मरवा दिया जाए।

उन्होंने कहा कि वह दर्ज मुकदमे की प्रति लेकर चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे। अगर भविष्य में उन पर कोई हमला हुआ तो उसकी जिम्मेदार कांग्रेस होगी। इस बीच, विश्वास तथा आप के करीब 12 कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा तुरन्त मुकदमा दर्ज नहीं किये जाने के विरोध में गौरीगंज थाने में ही धरना शुरू कर दिया।

सूत्रों के मुताबिक, गौरीगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी नवीन कुमार सिंह ने राहुल, प्रियंका तथा अन्य पर लगे आरोपों की जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने की बात कही तो विश्वास तथा उनके सहयोगियों ने इसका विरोध करते हुए प्राथमिकी पंजीकृत करने के बाद जांच की मांग की। पुलिस के नहीं मानने पर उन्होंने थाने में ही धरना शुरू कर दिया।

विश्वास के मुताबिक, सिंह ने प्रियंका के नाम से पहले माननीय लगाया। उनका विरोध इस बात को लेकर भी था। उन्होंने बताया कि पुलिस क्षेत्राधिकारी उन्हें धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई की धमकी दे रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें