फोटो गैलरी

Hindi Newsलापता लोग

लापता लोग

बीते शुक्रवार को सलमान हैदर के गायब होने के बाद से ही उंगलियां हुकूमत की ओर उठने लगी हैं कि कहीं इसमें उसका हाथ तो नहीं है! सलमान हैदर वही शख्स हैं, जिन्होंने बलूचिस्तान में अगवा किए जा रहे लोगों की...

लापता लोग
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 10 Jan 2017 09:03 PM
ऐप पर पढ़ें

बीते शुक्रवार को सलमान हैदर के गायब होने के बाद से ही उंगलियां हुकूमत की ओर उठने लगी हैं कि कहीं इसमें उसका हाथ तो नहीं है! सलमान हैदर वही शख्स हैं, जिन्होंने बलूचिस्तान में अगवा किए जा रहे लोगों की आवाज बुलंदी से उठाई है। मगर अब वह खुद ठीक उसी हालात में गायब हो गए हैं, उनकी कोई खोज-खबर नहीं मिल रही। इस तरह से लापता होने वाले वह अकेले शख्स नहीं हैं। चार जनवरी से वकास गोराया और असीम सईद गायब हैं, तो सात जनवरी से अहमद रजा नसीर। ये सभी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले लोग थे और अपने वामपंथी विचारों के लिए जाने जाते थे। हुकूमत का इन्हें खोज न पाना उसकी नाकामी तो है ही, यदि इनकी जल्दी ही बरामदगी नहीं हुई, तो दाल में कुछ न कुछ काला होने का संदेह जरूर होगा। यानी हुकूमत की मंशा पर शक जाएगा।

ऐसा नहीं लगता कि फिरौती के लिए इन तमाम लोगों को अगवा किया गया है, क्योंकि इनके पास शायद ही पैसा या कोई बड़ी जायदाद है। फिर सलमान हैदर के मोबाइल से जिस तरह के संदेश उनकी बेगम को गए हैं, वे यही इशारा करते हैं कि खेल काफी बड़ा है। चूंकि ये तमाम लोग अक्सर हुकूमत की मुखालफत वाले विचार सोशल मीडिया में परोसा करते रहे हैं, लिहाजा इनकी जान को हमेशा खतरा रहा है। खुफिया एजेंसी के हमारे सूत्र इस अफवाह से इनकार कर रहे हैं कि इन लोगों के गायब होने में इंतजामिया का कोई हाथ है, मगर सच यह है कि फिरौती की भी कोई मांग अब तक नहीं की गई है। अवाम परेशान है, क्योंकि उसे साफ दिख रहा है कि सोशल मीडिया पर अपनी बात बुलंद तरीके से रखने के कारण ये लोग आज इस हाल में हैं। उन्हें लगता है कि अगर सार्वजनिक जीवन जीने वाले लोग अपनी आवाज उठाने के कारण गायब हो रहे हैं, तो यहां कोई भी सुरक्षित नहीं है। यदि वाकई यही बात है, तो यह कहने में कोई हिचक नहीं कि अभिव्यक्ति की आजादी जैसे बहुमूल्य अधिकार की रक्षा करने में हमारा मुल्क विफल रहा है और गलत राह पर बढ़ चला है। यह स्थिति कतई बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।   
द नेशन, पाकिस्तान
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें