फोटो गैलरी

Hindi Newsउभरता हुआ अफ्रीका

उभरता हुआ अफ्रीका

अफ्रीका महादेश समृद्धि की तरफ तेज कदमों से बढ़ रहा है, इस बात को कहने के लिए हाल के वर्षों में एक मुहावरे ‘अफ्रीका राइजिंग’ का खूब इस्तेमाल होता रहा है। इसका आशय उन आलोचनाओं का जवाब देना...

उभरता हुआ अफ्रीका
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 15 Jan 2017 10:29 PM
ऐप पर पढ़ें

अफ्रीका महादेश समृद्धि की तरफ तेज कदमों से बढ़ रहा है, इस बात को कहने के लिए हाल के वर्षों में एक मुहावरे ‘अफ्रीका राइजिंग’ का खूब इस्तेमाल होता रहा है। इसका आशय उन आलोचनाओं का जवाब देना है, जो यह बताते रहे हैं कि अफ्रीका की समस्याएं इतनी बड़ी हैं कि वह कभी उनसे पार नहीं पा सकता। दरअसल, एक ऐसे महादेश के बारे में, जिसमें 54 देश समाहित हैं और जिनमें करीब एक अरब बीस करोड़ से अधिक लोग रहते हैं, ये दोनों ही दृष्टिकोण अति-सरलीकृत हैं। यकीनन, चुनौतियां बहुत ज्यादा और बहुत साफ हैं। उदाहरण के लिए, कांगो और जांबिया में वोटरों ने चुनावों में सत्तारूढ़ शासक को अपदस्थ कर दिया, मगर दोनों ही मुल्कों के राष्ट्राध्यक्षों ने पद छोड़ने से इनकार कर दिया। इसके उलट घाना में मतदाताओं के फैसले के आगे नत-मस्तक होते हुए वहां के राष्ट्रपति ने शांतिपूर्ण तरीके से कुरसी खाली कर दी। तेल और खनिज पदार्थों के प्रचुर भंडार वाली अफ्रीकी अर्थव्यवस्थाएं अब भी अपने प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से कोसों दूर हैं, जबकि उन्हें अपने औद्योगिक आधार को विस्तार देने की आवश्यकता है। दुनिया की 16 फीसदी आबादी वाले अफ्रीका की वैश्विक मैन्युफेक्चरिंग में हिस्सेदारी महज दो प्रतिशत है। लेकिन 2017 में बड़ी संभावनाएं दिख रही हैं। अफ्रीकी देशों ने इस साल अक्तूबर तक अपने महादेश को मुक्त व्यापार क्षेत्र बनाने का लक्ष्य तय किया है। अगर यह काम संपन्न हो गया, तो इससे पूरे अफ्रीका में वस्तुओं, सेवाओं और लोगों की आवाजाही काफी तेजी से बढ़ेगी। इसका शुरुआती फायदा कृषि क्षेत्र को हो सकता है, जो विभिन्न इलाकों में बड़ी छलांगें लगाता दिख रहा है। ये इलाके कृषि कार्य में नई तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं, जैसे टेलीफोन के जरिये फसलों के बारे में जानकारी साझा करना, परिष्कृत बीजों का इस्तेमाल, सौर ऊर्जा संचालित सिंचाई-व्यवस्था खड़ी करना, कटाई की नई तकनीक अपनाना व द्रोण व सैटेलाइट तस्वीरों के जरिये फसलों की निगरानी करना। व्यापार, कृषि और वन्य-जीवों के संरक्षण की दिशा में बढ़ते कदम अक्सर सुर्खियां नहीं बनते। लेकिन अफ्रीकी अफसाने में उनकी भी अहम भूमिका है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें