फोटो गैलरी

Hindi Newsराम नाइक बोले, महाराष्ट्र में यूपी वालों पर हमले गलत

राम नाइक बोले, महाराष्ट्र में यूपी वालों पर हमले गलत

महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेता व सांसद रहे राम नाइक ने उत्तर प्रदेश के 28वें राज्यपाल के रूप में मंगलवार को शपथ ली। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड ने राजभवन में...

राम नाइक बोले, महाराष्ट्र में यूपी वालों पर हमले गलत
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 22 Jul 2014 10:37 PM
ऐप पर पढ़ें

महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेता व सांसद रहे राम नाइक ने उत्तर प्रदेश के 28वें राज्यपाल के रूप में मंगलवार को शपथ ली। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड ने राजभवन में हुए समारोह में उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में राम नाइक ने महाराष्ट्र में यूपी समेत अन्य उत्तर भारतीयों पर हमलों को गलत करार देते हुए वहां की महाराष्ट नवनिर्माण सेना के रुख की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह मसला यहां बैठ कर जितना गंभीर लगता है, वास्तव में उतना है नहीं।

उन्होंने कहा कि उत्तर भारतीयों पर हमलों की जिम्मेदार मनसे इस बार लोकसभा चुनाव में सब जगह हार गई। उन्हें समर्थन नहीं मिला। तोड़फोड़ की ताकत उनमें कम हुई है। नाइक ने कहा कि वह खुद मराठी हैं और यूपी आएं हैं। भाषा व जाति के भेद में वह विश्वास नहीं करते। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण के अवसर पर एक मराठी वह खुद हैं, तो मुख्य न्यायाधीश भी मराठी हैं। जबकि राज्यपाल की प्रमुख सचिव जूथिका पाटणकर भी मराठी हैं। उन्होंने हंसते हुए कहा कि यह संयोग है कोई साजिश नहीं। उम्मीद है कि लोग उनका स्वागत करेंगे।

इससे पहले राजभवन के गांधी सभागार में शाम पांच बजे हुए शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, उनके मंत्रिमंडल के कई सदस्य और महाराष्ट्र व यूपी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में राम नाइक ने ईश्वर के नाम पर हिन्दी में शपथ ली। इस मौके पर उनकी पत्नी कुंदा राम नाइक भी मौजूद थीं।

शपथ से पहले मुख्य सचिव आलोक रंजन ने राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी द्वारा राम नाइक को उत्तर प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किए जाने का आदेश पढ़कर सुनाया। राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें