फोटो गैलरी

Hindi Newsकर्फ्यू में ढील बढ़ी, शांति की राह चला सहारनपुर

कर्फ्यू में ढील बढ़ी, शांति की राह चला सहारनपुर

26 जुलाई की हिंसा के बाद सहारनपुर शहर शांति की राह पर लौटने लगा है। बुधवार को नए और पुराने शहर में पांच-पांच घंटे कर्फ्यू में ढील दी गई। इस दौरान कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। दूसरी ओर...

कर्फ्यू में ढील बढ़ी, शांति की राह चला सहारनपुर
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 30 Jul 2014 09:59 PM
ऐप पर पढ़ें

26 जुलाई की हिंसा के बाद सहारनपुर शहर शांति की राह पर लौटने लगा है। बुधवार को नए और पुराने शहर में पांच-पांच घंटे कर्फ्यू में ढील दी गई। इस दौरान कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। दूसरी ओर भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुद्वारा में जाकर स्थिति का जायजा लिया। सपा नेता भी शहर में अमन के लिए जुट गए हैं।

हिंसा की आग में झुलसा शहर अब पुरानी रंगत में लौटने लगा है। कर्फ्यू के पांचवें दिन प्रशासन ने पहले नए शहर में सुबह 8.30 बजे से अपराह्न 1.30 बजे तक छूट दी। इस दौरान नए शहर का लगभग 80 फीसदी बाजार खुला। व्यापारियों में भी कुछ विश्वास भी जगा है। लोग अपनी जरूरतों की चीजें खरीदने बाहर निकले। डेढ़ बजने से पहले ही लोग घरों को लौट गए। इसके बाद पुराने शहर में अपराह्न दो बजे से शाम सात बजे तक पुराने शहर में कर्फ्यू खोला गया। मंगलवार की तुलना में इस बाजार में बुधवार को रौनक लौटती दिखी। सबसे अहम बात यह रही कि बुधवार को अफसरों के काफिले सड़कों पर ज्यादा नहीं दिखे।

उधर, भाजपा के जांच समिति ने श्रीगुरु सिंह सभा गुरुद्वारे में जाकर घटना की जानकारी ली। पार्टी की जांच समिति के अध्यक्ष और स्थानीय निकाय के प्रदेश संयोजक अमित अग्रवाल, थानाभवन विधायक सुरेश राणा, बिजनौर के विधायक लोकेंद्र चौहान, मेरठ दक्षिण के विधायक रविंद्र भड़ाना आदि ने जायजा लिया। इसके बाद प्रतिनिधिमडंल ने दंगा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। भाजपाइयों ने सिखों को आश्वासन दिया कि उनके हितों की लड़ाई लड़ी जाएगी।

प्रदेश से पलायन की धमकी
सहारनपुर।
श्रीगुरु सिंह सभा ने दोपहर को पत्रकार वार्ता कर प्रशासन को मांगपत्र सौंपा। उन्होंने सिखों में सुरक्षा का भरोसा दिलाने, उपद्रवियों की तलाशी में सर्च ऑपरेशन चलाने, आरोपी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो वे प्रदेश से पलायन करने को मजबूर हो जाएंगे। उधर, डीएम संध्या तिवारी ने कहा कि जिन मोहल्लों में अफवाह फैलाने की शिकायतें मिलेंगे, वहां कर्फ्यू में ढील नहीं दी जाएगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें