दक्षिण अफ्रीका पांच भारतीयों को करेगा सम्मानित
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा पांच दक्षिण अफ्रीकी भारतीयों को अपने देश के सबसे बड़े सम्मान नेशनल ऑर्डर से सम्मानित करेंगे। इन पांचों को देश के स्वतंत्रता संघर्ष में अभूतपूर्व योगदान के लिए...
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा पांच दक्षिण अफ्रीकी भारतीयों को अपने देश के सबसे बड़े सम्मान नेशनल ऑर्डर से सम्मानित करेंगे। इन पांचों को देश के स्वतंत्रता संघर्ष में अभूतपूर्व योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
रविवार को प्रिटोरिया स्थित यूनियन बिल्डिंग में इन पांच समेत कुल 54 लोगों को सम्मानित किया जाएगा। तीन दक्षिण अफ्रीकी भारतीय इंद्रेस नायडू, शिरीष नानाभाई और रेजी वांडेयर को द ऑर्डर ऑफ मेंडी दिया जाएगा। उन्हें ये पुरस्कार रंगभेद की नीति के खिलाफ लड़ने और दक्षिण अफ्रीका की स्वतंत्रता के लिए उनके योगदान के लिए दिया जाएगा।
अब्दुलहाय जस्सात को मानवाधिकार के लिए संघर्ष और देश के निर्माण में योगदान के लिए दिए जाने वाले द ऑर्डर ऑफ लुथुली से सम्मानित किया जाएगा। चिकित्सा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रिटोरिया विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर नम्रता लाल को द ऑर्डर ऑफ मपुंगुब्वे (कांस्य) दिया जाएगा।
नेशनल ऑर्डर दक्षिण अफ्रीका के सर्वोच्च पुरस्कार हैं। यह पुरस्कार देश के नागरिकों को उनके राष्ट्रहित में किए गए बेहतरीन योगदान के लिए दिया जाता है। कुछ अंतरराष्ट्रीय विभूतियों ब्रिटेन के लॉर्ड रिचर्ड एटेनबर्ग, अमेरिकी फिल्म सितारे डैनी ग्लोवर और को क्युइंसी जोंस को भी रंगभेद के खिलाफ लड़ने के लिए सम्मानित किया जाएगा।