भारत दुनिया का सबसे शाकाहारी देश
नेशनल ज्योग्राफिक के विशेषज्ञों ने दुनिया के खान-पान से जुड़ी आदतों और प्रकार से संबंधित सारिणी ‘फ्यूचर ऑफ फूड’ संस्करण के तहत तैयार की है। इसके अनुसार भारत एक ऐसा देश है, जहां अधिकतर लोग...
नेशनल ज्योग्राफिक के विशेषज्ञों ने दुनिया के खान-पान से जुड़ी आदतों और प्रकार से संबंधित सारिणी ‘फ्यूचर ऑफ फूड’ संस्करण के तहत तैयार की है। इसके अनुसार भारत एक ऐसा देश है, जहां अधिकतर लोग शाकाहारी हैं। इसकी तुलना में हांगकांग दुनिया का ऐसा देश है, जहां लोग सबसे ज्यादा मांसाहारी हैं।
इन रोचक तथ्यों में एक बात यह भी सामने आई है कि अमेरिकी नागरिक अधिक वसा वाला खाना पसंद करते हैं। वह एक दिन में 3641 कैलोरी खाते हैं। आमतौर पर एक आदमी को औसतन 2500 कैलोरी का ही सेवन करना चाहिए। इस कारण वहां के लोगों का वजन तेजी से बढ़ रहा है। वहीं इस देश में ज्यादातर युवा मोटापे से जूझ रहे हैं। इसके उलट सोमालिया के लोग प्रतिदिन 1695 कैलोरी का भी सेवन नहीं करते हैं।
इसके अलावा जर्मनी और ब्रिटेन में खाने से ज्यादा शराब को तरजीह दी जाती है। मध्य-पूर्वी देशों में शराब का इस्तेमाल न के बराबर होता है। इस सारिणी में पूरी दुनिया के खान-पान की विविधता और पिछले 50 सालों में इसके विकास पर भी प्रकाश डाला गया है। नेशनल ज्योग्राफिक के मुताबिक, भारत में लोगों के खान-पान में सबसे कम बदलाव आया है। पहले भी लोग शाकाहार को वरीयता देते थे, अब भी यहां शाकाहार पर जोर दिया जाता है।