फोटो गैलरी

Hindi Newsदिल्ली विश्व का दूसरा सबसे अधिक आबादी वाला शहर

दिल्ली विश्व का दूसरा सबसे अधिक आबादी वाला शहर

जापान की राजधानी तोक्यो के बाद वर्ष 2014 में दिल्ली दुनिया का दूसरा सबसे अधिक आबादी वाला शहर बन गया। जिसकी आबादी  1990 के बाद दोगुने से अधिक बढ़कर 2.5 करोड़ तक पहुंच गई। वैश्विक शहरीकरण संभावना...

दिल्ली विश्व का दूसरा सबसे अधिक आबादी वाला शहर
एजेंसीFri, 11 Jul 2014 02:53 PM
ऐप पर पढ़ें

जापान की राजधानी तोक्यो के बाद वर्ष 2014 में दिल्ली दुनिया का दूसरा सबसे अधिक आबादी वाला शहर बन गया। जिसकी आबादी  1990 के बाद दोगुने से अधिक बढ़कर 2.5 करोड़ तक पहुंच गई। वैश्विक शहरीकरण संभावना के वर्ष 2014 के संस्करण में कहा गया कि भारत में 2050 तक शहरी आबादी सबसे अधिक बढ़ने की संभावना है और यह चीन से भी अधिक होगी।

दिल्ली कम से कम 2030 तक दुनिया का दूसरी सबसे अधिक आबादी वाला शहर बना रह सकता है जबकि इसकी आबादी तेजी से बढ़कर 3.6 करोड़ तक पहुंच जाएगी। संयुक्त राष्ट्र की इस रिपोर्ट के अनुसार तोक्यो 3.80 करोड़ की आबादी के साथ दुनिया की सबसे अधिक आबादी शहर रहा है। हालांकि, इस शहर की आबादी में गिरावट के संकेत हैं लेकिन फिर भी 2030 तक यह विश्व का सबसे बड़ा शहर बना रह सकता है जब इसकी आबादी 3.7 करोड़ होगी।

रिपोर्ट में सबसे अधिक आबादी वाले शहरों की सूची में मुंबई छठे स्थान पर है। वर्ष 2030 तक 2.80 करोड़ की आबादी के साथ यह दुनिया का चौथा शहर बन जाएगा। फिलहाल इसकी आबादी 2.1 करोड़ है। तोक्यो और नई दिल्ली के बाद शांगहाई का स्थान है जिसकी आबादी 2.3 करोड़ रही और मेक्सिको सिटी, मुंबई और साओ पाओलो की आबादी 2014 में करीब 2.1-2.1 करोड़ रही।

रपट में कहा गया कि 2014 से 2050 के बीच शहरी आबादी में सबसे अधिक बढ़ोतरी भारत, चीन और नाइजीरिया में होगी और वैश्विक शहरी आबादी में होने वाली अनुमानित वृद्धि में इन देशों का योगदान 37 प्रतिशत रहेगा। भारत में 2050 तक शहरी आबादी में 40.4 करोड़ के इजाफे की उम्मीद है जो कि चीन की आबादी में 29.2 करोड़ बढ़ोतरी के मुकाबले बहुत अधिक होगी। नाइजीरिया की शहरी आबादी में 21.2 करोड़ का इजाफा होगा। भारत की मौजूदा शहरी आबादी 41 करोड़ है और 2050 में यह बढ़कर 81.4 करोड़ हो जाएगी। चीन की मौजूदा शहरी आबादी सबसे अधिक 75.8 करोड़ है।

विश्व की शहरी आबादी में भारत और चीन का योगदान 30 प्रतिशत है। अमेरिका, ब्राजील, इंडोनेशिया, जापान और रूस के साथ इन दोनों एशियाई देशों में विश्व की आधी से अधिक शहरी आबादी रहती है। विश्व की करीब 54 प्रतिशत आबादी फिलहाल शहरी इलाकों में रहती है और 2050 तक यह अनुपात बढ़कर 66 प्रतिशत हो जाएगा। सबसे अधिक शहरी आबादी अफ्रीका और एशिया में बढ़ेगी।
संयुक्त राष्ट्र की आबादी के मुताबिक विश्व की शहरी आबादी अब 3.9 अरब है और उम्मीद है कि 2050 तक यह बढ़कर 6.3 अरब हो जाएगी।

विश्व की ग्रामीण आबदी में 1950 से अब तक धीमा विस्तार हुआ है और उम्मीद है कि कुछ साल में यह अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच जाएगा। फिलहाल विश्व भर में ग्रामीण इलाकों में 3.4 अरब लोग रहते हैं। हालांकि, 2020 के बाद विश्व की ग्रामीण आबादी घटने लगेगी और उम्मीद है कि 2050 तक यह 3.2 अरब पर पहुंच जाएगी। भारत में फिलहाल सबसे अधिक 85.7 करोड़ लोग ग्रामीण क्षेत्र में रहते हैं जिसके बाद 63.5 करोड़ की ग्रामीण आबादी के साथ चीन का दूसरा स्थान है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें