फोटो गैलरी

Hindi Newsअमेरिका के दौरे पर रवाना हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

अमेरिका के दौरे पर रवाना हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका की अपनी महत्वपूर्ण यात्रा के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने अमेरिका को बहुत महत्वपूर्ण भागीदार बताते हुए विश्वास जताया कि उनकी इस यात्रा से बहुत सी दूरियां खत्म होंगी...

अमेरिका के दौरे पर रवाना हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 25 Sep 2014 04:36 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका की अपनी महत्वपूर्ण यात्रा के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने अमेरिका को बहुत महत्वपूर्ण भागीदार बताते हुए विश्वास जताया कि उनकी इस यात्रा से बहुत सी दूरियां खत्म होंगी और रणनीतिक रिश्तों में एक नया इतिहास शुरू होगा।

अपनी पांच दिन की अमेरिका यात्रा पर रवाना होने से पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि वह राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ इस बात पर विचार विमर्श करेंगे कि आपसी और वैश्विक हित में दोनों देश कैसे अपने संबंधों को नई ऊंचाई पर पहुंचा सकते हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति की तारीफ करते हुए मोदी ने कहा कि ओबामा की जीवन यात्रा एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में आम लोगों के लिए उपलब्ध अधिकारों व अवसरों का एक उल्लेखनीय उदाहरण है और यह दुनिया भर के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, अमेरिका को मैं भारत के राष्ट्रीय विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में देखता हूं। दोनों देशों के बीच शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान, प्रौद्योगिकी व नवोन्मेष में भागीदारी की बड़ी संभावनाएं हैं तथा मानव मूल्यों के प्रति दोनों की साझी प्रतिबद्धता है।

प्रधानमंत्री शनिवार को न्यूयार्क में संयुक्तराष्ट्र के 69वें महाधिवेशन को संबोधित करेंगे। इस संबंध में मोदी ने कहा कि वह वहां वैश्विक अर्थव्यवस्था में नरमी, दुनिया के कई हिस्सों में तनाव एवं संकट, वृद्धि तथा आतंकवाद के विस्तार, अफ्रीका में इबोला महामारी, जलवायु परिवर्तन तथा गरीबी उन्मूलन की चुनौतियों से निपटने के लिए मजबूत वैश्विक प्रतिबद्धता तथा अधिक समन्वय के साथ बहुपक्षीय कार्रवाई पर जोर देंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह 2015 के बाद के लिए एक ऐसे वैश्विक विकास एजेंडे को जल्द स्वीकार्य करने की अपील करेंगे, जो वृद्धि, विकास और गरीबी उन्मूलन पर ध्यान केंद्रित हो। उन्होंने कहा, मैं संयुक्तराष्ट्र प्रणाली में शीघ्र सुधार किये जाने की जरूरत पर भी जोर दूंगा। ताकि यह सुनिश्चित हो सके, ताकि यह व्यवस्था 21वीं सदी की चुनौतियों से निपटने में तार्किक व प्रभावी बनी रहे। उन्होंने कहा कि भारत शांति और सुरक्षा तथा समावेशी वृद्धि को प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के शांति रक्षा अभियानों में पिछले एक दशक में भारत द्वारा किया गया योगदान इस बहुपक्षीय वैश्विक निकाय को अपने लक्ष्य पाने में मदद कर रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी 25 सितंबर से 30 सितंबर तक अमेरिका में होंगे। करीब चार महीने पहले सत्ता में आने के बाद ये मोदी की सबसे बड़ी और सबसे अहम यात्रा है। बतौर प्रधानमंत्री अपनी पहली अमेरिका यात्रा के दौरान मोदी का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है।

मोदी का तय कार्यक्रम: 25 से 30 सितंबर तक अमेरिका में रहेंगे मोदी

26 सितंबर- न्यूयॉर्क में शहर के मेयर मोदी से मुलाकात करेंगे।
27 सितंबर- सुबह मोदी 9/11 हमले की जगह पर बने स्मारक पर जाएंगे।
27 सितंबर- मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे।
28 सितंबर- मोदी न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर में इंडियन-अमेरिकन को संबोधित करेंगे।
29 सितंबर- मोदी ओबामा की पहली मुलाकात वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस में निजी डिनर पर होगी।
30 सितंबर- दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी।

अपनी यात्रा के दौरान मोदी पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और हिलेरी क्लिंटन से भी मिलेंगे। मोदी तीन राज्यों के गवर्नरों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा 29 सितंबर को ब्रेकफास्ट मीटिंग के दौरान मोदी गूगल, पेप्सिको जैसी नामी कंपनियों के 11 सीईओ से भी बात करेंगे। 30 की सुबह मोदी वॉशिंगटन में लिंकन और मार्टिन लूथर किंग के स्मारक पर भी जाएंगे। इसके अलावा गांधी स्टैच्यू पर भी श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे।

यह पहली बार होगा जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री अमेरिकी यात्रा के दौरान इतने सारे सरकारी और निजी कार्यक्रमों में शिरकत करेगा। खास बात ये है कि अमेरिका में रहने के दौरान मोदी नवरात्र के व्रत रख रहे होंगे, ऐसे में उनके खाने पीने को लेकर भी खास ध्यान रखा जाएगा।

मोदी के मिशन अमेरिका में सबसे ज्यादा चर्चा राष्ट्रपति बराक ओबामा और मोदी के मुलाकात की है। हालांकि द्विपक्षीय समझौतों पर दस्तखत का दिन 30 सितंबर होगा, जब उप राष्ट्रपति जो बिडेन और विदेश मंत्री जॉन कैरी मोदी के सम्मान में लंच देंगे। समझौते चाहे 30 सितंबर को हों, लेकिन दोनों नेताओं में नजदीकी समझदारी की जमीन उस भोज से बनेगी, जो राष्ट्रपति ओबामा वॉशिंगटन में प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में रखेंगे।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें