फोटो गैलरी

Hindi Newsभाजपा से 10 विधायकों का हिसाब बराबर करने की तैयारी में कांग्रेस

भाजपा से 10 विधायकों का हिसाब बराबर करने की तैयारी में कांग्रेस

कांग्रेस की नजर भाजपा के चार पूर्व विधायकों पर है। इस रणनीति पर मुख्यमंत्री के करीबी कुछ कांग्रेसी नेता काम कर रहे हैं। चुनाव से पहले कांग्रेस भाजपा में बड़ा तोड़फोड़ कर 10 विधायकों का हिसाब बराबर करने...

भाजपा से 10 विधायकों का हिसाब बराबर करने की तैयारी में कांग्रेस
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 23 Sep 2016 10:08 AM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस की नजर भाजपा के चार पूर्व विधायकों पर है। इस रणनीति पर मुख्यमंत्री के करीबी कुछ कांग्रेसी नेता काम कर रहे हैं। चुनाव से पहले कांग्रेस भाजपा में बड़ा तोड़फोड़ कर 10 विधायकों का हिसाब बराबर करने की तैयारी में जुट गई है।

10 विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद से कांग्रेस राजनीतिक तौर पर इन सीटों पर खुद को कमजोर मानकर चल रही है। इसलिए वह इसका तोड़ खोजने की रणनीति पर काम कर रही है, जिससे चुनाव में कांग्रेस से कम से कम इन सीटों पर भाजपा से बराबरी पर मुकाबला कर सके।
जसपुर में भाजपा के पूर्व प्रत्याशी आदेश चौहान को मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कांग्रेस में शामिल कराकर अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं। भाजपा भले ही न माने लेकिन चौहान के कांग्रेस में शामिल होने से राजनीतिक तौर पर वह कमजोर पड़ी है।

अब कांग्रेस के निशाने पर भाजपा के वे पूर्व विधायक हैं जो चुनाव की तैयारी में जुटे हैं। लेकिन बदले हालात में उनके भाजपा से टिकट कटने की अटकलें लगाई जा रही हैं। इसे देखते हुए ही कांग्रेस अब भाजपा में तगड़ी सेंधमारी करने जा रही है। इनमें केदारनाथ से आशा नौटियाल, कर्णप्रयाग से अनिल नौटियाल, रुड़की से सुरेश जैन और कोटद्वार से शैलेंद्र रावत हैं। हालांकि इन सभी पूर्व विधायकों को भरोसा है कि पार्टी उनका टिकट नहीं काटेगी। इसके विपरीत इनमें से ज्यादातर मानते हैं कि राजनीति में अंतिम  समय में कुछ भी हो सकता है। इस बारे में पहले ही कुछ नहीं कहा जा सकता है।   

मुझे भरोसा है कि पार्टी मुझे टिकट देगी। 28 साल से पार्टी के साथ जुड़ी हूं। मैं पिछले दिनों क्षेत्र की लोगों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिली थी। उसका गलत अर्थ लगाया जा रहा है।
-आशा नौटियाल, पूर्व विधायक, केदारनाथ

टिकट पर मेरा अधिकार है। मैंने पिछली बार टिकट कटने पर भी पार्टी का साथ नहीं छोड़ा। इस बार भी नहीं छोडूंगा। क्षेत्र की जनता भी मेरे साथ है। मैं जनता की अदालत में जाऊंगा। उसके आधार पर ही फैसला करूंगा। 
-शैलेंद्र रावत, पूर्व विधायक, कोटद्वार

मेरी चुनाव की पूरी तैयारी है। पार्टी पर पूरा विश्वास है कि चुनाव में मुझे ही टिकट मिलेगा। मैं साढ़े चार साल से लगातार जनता के बीच में हूं। पार्टी मेरी अनदेखी कैसे कर सकती है। कांग्रेस में जाने की तो सोच भी नहीं सकता।
-सुरेश जैन, पूर्व विधायक, रुड़की

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें