फोटो गैलरी

Hindi Newsयूपी में पर्यटन की असीमित सम्भावनाएं: मुख्यमंत्री

यूपी में पर्यटन की असीमित सम्भावनाएं: मुख्यमंत्री

यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का कहना है कि राज्य में पर्यटन की असीमित सम्भावनाएं मौजूद हैं। जहां एक ओर यह भगवान राम, कृष्ण और गौतम बुद्ध की धरती है, वहीं रहीम, तुलसी, सूर और कबीर सहित तमाम संत-कवि...

यूपी में पर्यटन की असीमित सम्भावनाएं: मुख्यमंत्री
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 06 Oct 2015 05:24 PM
ऐप पर पढ़ें

यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का कहना है कि राज्य में पर्यटन की असीमित सम्भावनाएं मौजूद हैं। जहां एक ओर यह भगवान राम, कृष्ण और गौतम बुद्ध की धरती है, वहीं रहीम, तुलसी, सूर और कबीर सहित तमाम संत-कवि भी यहां की विरासत की अनमोल पहचान हैं। इन सबके मद्देनजर राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गम्भीर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को यहां होटल ताज में आयोजित ‘उत्तर प्रदेश ट्रैवल राइटर्स कॉन्क्लेव 2015’ को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को अपने अनुभव लिपिबद्ध करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे दुनियाभर के पर्यटन प्रेमियों को यूपी जैसे विशाल और विविधतापूर्ण राज्य के खान-पान, रीति-रिवाज, परम्पराओं, संगीत और साहित्य, तहज़ीब सहित तमाम खूबियों के बारे में भी पता चलेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने में इंटरनेट जैसे आधुनिक संचार माध्यमों का प्रदेश सरकार द्वारा इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि प्रदेश के बारे में जानकारी दुनिया के कोने-कोने में उपलब्ध हो सके। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ट्रैवल राइटर्स भी इनका इस्तेमाल करते हुए प्रदेश के विषय में विस्तृत जानकारी लोगों को मुहैया कराएंगे।

आगरा-लखनऊ-वाराणसी व इनके आसपास के क्षेत्रों को जोड़ते हुए विकसित कर रहे ‘हेरिटेज आर्क’
यादव ने कहा कि आगरा-लखनऊ-वाराणसी एवं इनके आसपास के क्षेत्रों को जोड़ते हुए ‘हेरिटेज आर्क’ का विकास किया जा रहा है। इसके अलावा ताज नगरी आगरा में पर्यटकों को विश्वस्तरीय सहूलियत देने के लिए ताजगंज क्षेत्र का विकास किया जा रहा है। साथ ही आगरा में मुगलकालीन धरोहरों, परम्पराओं, रीति-रिवाजों को आकर्षण का केन्द्र बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुगल म्यूजि़यम का निर्माण कराने का फैसला लिया गया है। आगरा के अन्य 12 ऐसे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक स्थलों को भी लाइम लाइट में लाने का प्रयास किया जा रहा है। ये सभी स्थल या तो अभी तक लोगों के लिए अंजान थे या इन स्थलों पर सुविधा न मिलने के कारण पर्यटक वहां नहीं जाते थे। समीपवर्ती ब्रज एवं बटेश्वर के साथ-साथ इटावा में लायन सफारी को भी आकर्षण के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही, उत्तर प्रदेश ‘होम ऑफ द ताज’ का अभियान भी चलाया जा रहा है। फतेहपुर सीकरी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पर्यटकों के आकर्षण के केन्द्र तमाम भवन इतिहास की गम्भीर जानकारी देने में भी सक्षम हैं।

मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि ट्रैवल राइटर्स अपने लेखन के माध्यम से उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों के विषय में देश-विदेश में लोगों को विस्तार से बताएंगे, जिससे बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक इस राज्य की ओर आकर्षित होंगे। कार्यक्रम को पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने भी सम्बोधित किया। अपने सम्बोधन में मुख्य सचिव आलोक रंजन ने कहा कि यूपी को पर्यटन की असीमित सम्भावनाओं वाला क्षेत्र बताया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को प्रदेश में पर्यटकों के अनुभवों से संकलित पुस्तिका भी भेंट की गई। इस अवसर पर राजनैतिक पेंशन मंत्री राजेन्द्र चौधरी, पर्यटन सचिव अमृत अभिजात और बड़ी संख्या में ट्रैवल राइटर्स व गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें