प्रदेश में 16 और किसानों की जान गई
मौसम की मार किसानों की जान पर भारी पड़ रही है। बुधवार को प्रदेश में 16 और किसानों की जान चली गई। अकेले बरेली मंडल में नौ किसानों ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा आगरा में दो संभल में तीन, अमेठी व लखनऊ में...
मौसम की मार किसानों की जान पर भारी पड़ रही है। बुधवार को प्रदेश में 16 और किसानों की जान चली गई। अकेले बरेली मंडल में नौ किसानों ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा आगरा में दो संभल में तीन, अमेठी व लखनऊ में एक-एक किसान की मौत हो गई।
बदायूं के जरीफनगर के चिरवारी गांव राजपाल (50) की छह बीघा फसल बारिश और ओलों से बर्बाद हो गई थी। राजपाल ने बैंक से तीन लाख का लोन रखा था। फसल की बर्बादी और कर्ज से परेशान राजपाल ने खेत में ही फांसी लगा ली। खेत में फसल देखने गए बरेली के बिथरी चैनपुर के पदारथपुर गांव के किसान साहबजाद खां (55) सदमें से मौत हो गई। आंवला में आलमपुर जाफराबाद के गांव दिगोई के लल्लू सिंह (60) की दिल का दौरा पड़ने मौत हो गई। फरीदपुर के गांव अमरेख के दफेदार (50) भी मंगलवार को खेत पर फसल देखने गए थे। कुछ देर बाद ही सीने में दर्द उठने से उनकी मौत हो गई। वहीं, सिरौली के केसरपुर के नवी अहमद (50) की भी हार्टअटैक से मौत हो गई। उनकी 24 बीघा गेहूं की फसल बबार्द हो गई थी।
उधर, शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र के संजय सिंह ने बुधवार सुबह खुद को गोली मार ली। संजय ने साहूकारों से सूद पर करीब चार लाख रुपये का कर्ज ले रखा था। शाहजहांपुर के ही पुवायां के सबली कटेली गांव के जयराम (40) ने अपनी आठ बीघा जमीन बटाई पर दी थी। उन्होंने बैंक से डेढ़ लाख का लोन ले रखा था। बुधवार की सुबह फसल की बर्बादी देख जयराम के सीने तेज दर्द उठा कुछ देर उसकी मौत हो गई। कलान के गांव सनाय के राजेन्द्र (40) और जलालाबाद के चोक मनोरथपुर सहसोबारी गांव के रामाराम (55) की फसल की बर्बादी देख सदमे से मौत हो गई। वहीं आगरा में फसलों की तबाही से हताश किसानों की मौत का सिलसिला जारी है। बुधवार को जिले में दो और किसानों ने दम तोड़ दिया। सदर तहसील के गांव सलेमाबाद में भूमिजीत सिंह की मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर मदरा एत्मादपुर में बदन सिंह पुत्र नेतराम ने सदमे में आकर दम तोड़ दिया। वहीं संभल के गुन्नौर तहसील के गांव चिरवारी के पान सिंह कर्ज में डूबा हुआ था। फसल खराब होने की वजह से वह बेहद परेशान हो गया। सुबह को जंगल में जाकर उसने फांसी लगा ली । वहीं हयातनगर क्षेत्र के गांव भमौरी पट्टी निवासी कल्यान यादव की सीने में दर्द उठने के बाद मौत हो गई। फसल बर्बाद होने के सदमे के चलते दो-तीन दिन से कल्यान यादव की तबीयत खराब चल रही थी। वहीं भारतल सिरसी निवासी आबिद की भी सीने में दर्द उठने के बाद मौत हो गई। आबिद फसल बर्बाद होने के गम में कई दिनों से परेशान था। उधर अमेठी के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के लोशनपुर हारीमऊ गांव निवासीा नीमर यादव की सदमें से मौत हो गई। लखनऊ के माल इलाके इलाके नारयणपुर गांव के किसान सतीश ने खुद पर पेट्रोल डाल कर आग लगा ली। उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया।