फोटो गैलरी

Hindi Newsसफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म, सफाई शुरु

सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म, सफाई शुरु

सफाईकर्मियों के साथ मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को तीसरे दिन हड़ताल खत्म हो गई। तीन दिन में शहर के गली-कूचे करीब 2400 टन कूड़े से पट गए। दोपहर 12 बजे हड़ताल खत्म होने के बाद सफाई...

सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म, सफाई शुरु
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 14 Nov 2014 09:35 PM
ऐप पर पढ़ें

सफाईकर्मियों के साथ मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को तीसरे दिन हड़ताल खत्म हो गई। तीन दिन में शहर के गली-कूचे करीब 2400 टन कूड़े से पट गए। दोपहर 12 बजे हड़ताल खत्म होने के बाद सफाई शुरू हुई। शाम को दूसरी शिफ्ट में भी सफाई हुई, लेकिन फिर भी कई जगह से सारा कूड़ा नहीं उठ पाया।

 कुछ लोगों ने सफाईकर्मियों के साथ मारपीट कर दी थी। इसको लेकर बुधवार से नगर निगम कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। शहर की सफाई व्यवस्था ठप हो जाने की वजह से तीन दिन में कोई प्रमुख मोहल्ला या सड़क ऐसी नहीं बची जहां कूड़े का ढेर न लगा हो।

गुरुवार को महापौर और नगरायुक्त ने कर्मचारी नेताओं से वार्ता की, लेकिन बात नहीं बनी। इस पर कर्मचारी यूनियन ने शनिवार से शहर में पानी की सप्लाई बंद करने का ऐलान कर दिया था। इस पर नगरायुक्त ने डीएम-एसएसपी को चिट्ठी लिख आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

शुक्रवार को खरखौदा पुलिस ने घोसीपुर गांव से दो नामजद आरोपियों पप्पू और निसार को गिरफ्तार कर लिया। नगरायुक्त ने इसकी जानकारी निगम में धरना दे रहे कर्मचारियों को दी। कर्मचारियों ने सूचना पक्की करने के बाद हड़ताल खत्म करने का ऐलान कर दिया। इसके बाद करीब 12 बजे से शहर के सभी इलाकों में सफाई के लिए टीमें निकल पड़ीं। शहर से हर रोज औसतन 800 टन कूड़ा निकलता है। तीन दिन में करीब 2400 टन कूड़ा एकत्र हो गया। ब्र2ापुरी, मोहनपुरी, पल्लवपुरम, गंगानगर, बच्चा पार्क, तेजगढ़ी चौराहा, शास्त्रीनगर, माधवपुरम, शताब्दीनगर, लोहियानगर, हापुड़ अड्डा, कंकरखेड़ा, परतापुर आदि इलाकों में सफाई के बावजूद सारा कूड़ा नहीं उठा सका। शुक्रवार को शाम की शिफ्ट में भी सफाई हुई। नगर निगम कर्मचारी संघ के महामंत्री लोकेश शर्मा और अध्यक्ष अनीस अहमद ने कहा कि शहर को परेशान करना उनकी मंशा नहीं थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कर्मचारी काम पर लौट आए।  राजू धवन, कैलाश चंदोला, कृपाल गुर्जर, विनेश विद्यार्थी, महेन्द्र कुमार, राजकुमार, रविन्द्र शर्मा, आदि मौजूद रहे। महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने कहा कि सफाईकर्मी बड़ा काम करते हैं। शहर के लोग कोशिश करें कि कम से कम कूड़ा निकले और सफाई में कर्मचारियों का सहयोग करें।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें