फोटो गैलरी

Hindi Newsरेप की वारदात ने फिर किया यूपी को शर्मसार

रेप की वारदात ने फिर किया यूपी को शर्मसार

लखनऊ के निशातगंज टेम्पो स्टैण्ड से कुछ लोगों ने कालेज से घर लौट रही कक्षा आठ की छात्रा (17) को गुरुवार दोपहर कार से अगवा कर लिया। कार में बैठाने से पहले ही उसके आंख पर काली पट्टी बांध दी गई थी, फिर...

रेप की वारदात ने फिर किया यूपी को शर्मसार
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 21 Aug 2015 08:42 AM
ऐप पर पढ़ें

लखनऊ के निशातगंज टेम्पो स्टैण्ड से कुछ लोगों ने कालेज से घर लौट रही कक्षा आठ की छात्रा (17) को गुरुवार दोपहर कार से अगवा कर लिया। कार में बैठाने से पहले ही उसके आंख पर काली पट्टी बांध दी गई थी, फिर कार में उसके हाथ-पैर भी बांध दिए गए। इसके बाद उसे एक जंगल में ले जाकर लड़कों ने उसके साथ दुराचार किया, फिर उसे खून से लथपथ हालत में लखनऊ यूनिवर्सिटी रोड पर बेसुध हालत में छोड़ कर भाग निकले। छात्रा किसी तरह अपने घर पहुंची और मां को पूरी बात बताई।

बेटी से आपबीती सुनकर परिवार वाले सकते में आ गए। लड़की की मां ने अपने पति को सूचना दी। इसके बाद पीड़ित परिवार ने 100 नम्बर पर सूचना दी। वायरलेस पर मैसेज प्रसारित होते ही पुलिस अफसर लड़की के घर पहुंचे। लड़की को डफरिन ले जाया जहां पर उसके बयान लिए गए। इसके बाद पीड़ित परिवार ने महानगर कोतवाली में तहरीर दी।

पुलिस ने दुराचार का मुकदमा दर्ज कर पीड़ित छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए डफरिन में भर्ती कराया है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यह घटना दोपहर करीब दो बजे की है। पीड़ित छात्रा के मुताबिक वह अपने स्कूल से छुट्टी के बाद घर के लिए निकली थी। दो बजे के करीब वह निशातगंज टेम्पो स्टैण्ड पर खड़ी थी। इसी समय काले रंग की स्कार्पियो अचानक उसके सामने रुकी। कुछ समझने से पहले ही उसमें मौजूद लड़कों ने उसे गाड़ी के अंदर घसीट लिया और वहां से चल दिए।

आंख पर काली पट्टी बांध दी

पीड़िता ने बताया कि एक लड़के ने उसके आंख पर काली पट्टी बांध दी थी। इससे उसे कुछ दिखाई नहीं पड़ रहा था। कार में तो उसके हाथ-पैर भी बांध दिए गए थे। दो लड़कों ने उसका मुंह भी दबा रखा था। गाड़ी को काफी घुमाते हुए वह लोग उसे जंगल में ले गए।

गाड़ी में चार लड़कियां भी थी

छात्रा ने बताया कि गाड़ी में पांच लड़कों के अलावा चार लड़कियां व एक ड्राइवर था। लड़कियां आपस में कुछ बातें कर रही थी। इससे ही उनकी मौजूदगी का उसे पता चला। ये लड़कियां ही रास्ता बता रही थी कि गाड़ी किधर ले चलनी है।

दुराचार का विरोध करने पर पीटा

छात्रा ने बताया कि उसे एक जंगल में ले जाया गया जहां उसके साथ दुराचार किया गया। दुराचार का विरोध करने पर उसकी पिटाई भी की। इसके बाद उसे फिर से गाड़ी में बैठा लिया गया। वह खून से लथपथ थी और बेसुध सी हो गई थी। छात्रा ने कहा कि इसके बाद उसे कुछ होश नहीं रहा। उसे होश तब आया जब यह लोग उसे लविवि रोड पर छोड़ कर फरार हो गए। लड़की के ठेकेदार पिता ने इस मामले में महानगर कोतवाली में तहरीर दी है।

आरोपियों का पता नहीं चला

इंस्पेक्टर महानगर संजय नाथ तिवारी का कहना है कि लड़की ने तहरीर में एक लड़के द्वारा रेप करने की बात लिखी है। उसने पांच लड़कियां भी होने की बात कही है। लड़की को टेम्पो स्टैण्ड से अगवा करने का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला है। लड़की को डफरिन में भर्ती कराया गया है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। एसएसपी राजेश पाण्डेय का कहना है कि इस पूरे मामले की जांच सीओ महानगर कर रहे हैं। लड़की के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज करा दी गई है। आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें