बीजेपी के स्टार प्रचारकों में आडवाणी, वरुण गांधी, कटियार नहीं
भारतीय जनता पार्टी की शनिवार को जारी स्टार प्रचारकों की सूची में केंद्रीय और बाहरी नेताओं की तो भरमार है, लेकिन स्थानीय नेताओं को कम तरजीह दी गई है। पहले और दूसरे चरण के स्टार प्रचारकों की जारी सूची...
भारतीय जनता पार्टी की शनिवार को जारी स्टार प्रचारकों की सूची में केंद्रीय और बाहरी नेताओं की तो भरमार है, लेकिन स्थानीय नेताओं को कम तरजीह दी गई है। पहले और दूसरे चरण के स्टार प्रचारकों की जारी सूची में वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी, विनय कटियार सरीखे नेताओं को नहीं रखा गया है। प्रदेश चुनाव समिति के ब्रजेश पाठक और रीता बहु्गुणा जोशी जैसे नेताओं को जगह नहीं दी गई है। वहीं रमापति राम त्रिपाठी, लक्ष्मीकांत बाजपेयी और ओम प्रकाश सिंह जैसे पूर्व अध्यक्षों को भी दरकिनार कर दिया गया।
केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा, अनुप्रिया और कृष्णा नहीं करेंगे प्रचार
केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा, कृष्णा राज और अनुप्रिया पटेल को प्रचार करने लायक नहीं समझा गया है, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं तो उनकी सरकार के मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अरुण जेटली, वेकैंया नायडू, स्मृति ईरानी, कलराज मिश्र, उमा भारती, पीयूष गोयल, महेश शर्मा, डा.संजीव बालियान, रामबिलास पासवान, मुख्तार अब्बास नकवी, जनरल वीके सिंह, साध्वी निरंजन ज्योति, संतोष गंगवार, मेनका गांधी चुनाव प्रचार करेंगे।
बाहरियों के हाथ प्रचार की कमान
बसपा से आए स्वामी प्रसाद मौर्य, लोकेश प्रजापति और कांग्रेस से आए अवतार सिंह भडाना को चुनाव प्रचार में लगाया गया है। बसपा से आए और टूण्डला (सु.) विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल इसी तरह दूसरे राज्यों के दो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान वसुन्धरा राजे सिंधिया और दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी को प्रचार करने के काम में लगाया गया है। भाजपा के सहयोगी दल लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष केन्द्रीय मंत्री रामबिलास पासवान भी प्रचार करेंगे।
फायरब्रांड वरुण, सोम, साक्षी सुरेश को सूची में जगह नहीं
भाजपा की फायर ब्रांड ब्रिगेड से उमा भारती, योगी आदित्यनाथ, संजीव बालियान, हुकुम सिंह और साध्वी निरंजन ज्योति को तो शामिल किया गया, लेकिन उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज, संगीत सोम, सुरेश राणा और वरुण गांधी स्टार प्रचारक लिस्ट में नहीं हैं। चुनाव समिति में शामिल पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी, भाजपा विधानमंडल के नेता सुरेश खन्ना, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, राष्ट्रीय मंत्री महेन्द्र सिंह, सुनील ओझा, वीरेन्द्र खटिक, सांसद रमेश विधूड़ी, रामेश्वर चौरसिया, प्रदेश महामंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, विधायक सलिल विश्नोई, विधायक रीता बहुगुणा जोशी और पूर्व सांसद ब्रजेश पाठक को प्रचार से दूर रखा है।