फोटो गैलरी

Hindi Newsआगरा में बरेलवी-देवबंदी भिड़े, पुराने शहर के बाजार बंद

आगरा में बरेलवी-देवबंदी भिड़े, पुराने शहर के बाजार बंद

पाय चौकी (कोतवाली) क्षेत्र की कटरा दबकइयान मस्जिद में शुक्रवार को बरेलवी और देवबंदी भिड़ गए। जुमा अलविदा की नमाज के बाद सलाम पढ़ने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। कोतवाली थाने के बाहर पथराव...

आगरा में बरेलवी-देवबंदी भिड़े, पुराने शहर के बाजार बंद
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 01 Jul 2016 09:50 PM
ऐप पर पढ़ें

पाय चौकी (कोतवाली) क्षेत्र की कटरा दबकइयान मस्जिद में शुक्रवार को बरेलवी और देवबंदी भिड़ गए। जुमा अलविदा की नमाज के बाद सलाम पढ़ने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। कोतवाली थाने के बाहर पथराव हुआ। पुराने शहर में दहशत फैल गई। फुव्वारा दवा बाजार, किनारी बाजार, माल का बाजार और सेव का बाजार बंद हो गए।

घटना दोपहर करीब ढाई बजे की है। कटरा दबकइयान मस्जिद से फूलों वाला ताजिया निकलता है। मुख्तियार मस्जिद के मुतवल्ली हैं। वह बरेलवी समर्थक हैं। नमाज के बाद उनके पक्ष ने सलाम पढ़ना शुरू कर दिया। देवबंदी समर्थक कामरान, आदिल आदि ने विरोध किया। मस्जिद में ही मारपीट शुरू हो गई। कपड़े फट गए। खबर पर फोर्स पहुंचा। दोनों पक्षों को कोतवाली थाने लाया गया।

खबर लगते ही सैकड़ों लोग जब मस्जिद से पैदल कोतवाली थाने तक पहुंचे तो दहशत फैल गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच-पांच लोगों को अंदर बुला लिया। शेष बाहर रुक गए। अंदर सिटी मजिस्ट्रेट रेखा एस चौहान, सीओ कोतवाली मनीषा सिंह पंचायत करा रही थीं। तभी बाहर दोनों पक्ष फिर भिड़ गए। पथराव हो गया। बाजार में दहशत फैल गई। फुव्वारा दवा बाजार, सेव का बाजार, नमक की मंडी, माल का बाजार, कश्मीरी बाजार, किनारी बाजार, कसरेट बाजार बंद हो गए। धड़ाधड़ शटर गिरने से ग्राहक भी दहशत में आ गए। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। व्यापारियों को लूटपाट का भय सताने लगा। कई घंटे तक तनावपूर्ण माहौल रहा।

पांच-पांच लाख से पाबंद
-दोनों पक्षों के प्रमुख लोगों को पांच-पांच लाख से पाबंद किया है, कोई मुकदमा नहीं। 
-तय हुआ है कि मस्जिद में अब सलाम नहीं पढ़ा जाएगा, पहले भी नहीं पढ़ा जाता था।
-मारपीट में जख्मी लोगों के मेडिकल कराए गए, देवबंदियों से कहा गया- जमात नहीं आएगी। 
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें