फोटो गैलरी

Hindi Newsरिटायर पुलिस अफसरों के बकाए का तत्काल होगा भुगतान : डीजीपी

रिटायर पुलिस अफसरों के बकाए का तत्काल होगा भुगतान : डीजीपी

डीजीपी जावीद अहमद ने रिटायर पुलिस अफसरों को आश्वासन दिया कि उनकी कठिनाइयों का तत्परता से निवारण किया जाएगा तथा उन्हें मिलने वाली धनराशि के तत्काल भुगतान की व्यवस्था की जाएगी। अहमद रविवार को महानगर...

रिटायर पुलिस अफसरों के बकाए का तत्काल होगा भुगतान : डीजीपी
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 06 Nov 2016 10:32 PM
ऐप पर पढ़ें

डीजीपी जावीद अहमद ने रिटायर पुलिस अफसरों को आश्वासन दिया कि उनकी कठिनाइयों का तत्परता से निवारण किया जाएगा तथा उन्हें मिलने वाली धनराशि के तत्काल भुगतान की व्यवस्था की जाएगी।

अहमद रविवार को महानगर स्थित पुलिस रेडियो प्रशिक्षण स्कूल के सभागार में पीपीएस (रिटायर्ड) आफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन के वार्षिक अधिवेशन में बोल रहे थे। उन्होंने रिटायर पुलिस अफसरों से अनुरोध किया कि वे जनता के बीच रहकर पुलिस विभाग की छवि व कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करें। एसोसिएशन ने भी उन्हें आश्वस्त किया कि रिटायर पुलिस अफसर आवश्यकता पड़ने पर विभाग की सहायता के लिए हमेशा तैयार हैं। 
डीजीपी ने एसोसिएशन की स्मारिका और एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य सत्यपाल सिंह की पुस्तक ‘धरती के गीत’ का विमोचन भी किया। महासचिव श्याम पाल सिंह ने डीजीपी के समक्ष एसोसिएशन की मांगों और गतिविधियों का ब्योरा पेश किया। अधिवेशन में पूर्व डीजीपी ईश्वर चंद्र द्विवेदी व श्रीराम अरुण तथा अवकाश प्राप्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति कमलेश्वर नाथ व न्यायमूर्ति एससी वर्मा ने एसोसिएशन के सामाजिक कार्यों की सराहना की। 

आईजी (प्रशासन) प्रकाश डी ने कहा कि रिटायर अफसरों के लिए भी उनके दरवाजे हमेशा खुले हैं। वे कभी भी अपनी या परिवार की कोई भी समस्या आने पर उनके पास आ सकते हैं।

नई कार्यकारिणी गठित : अधिवेशन में सर्वसम्मति से एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें बलदेव सिंह एक बार फिर अध्यक्ष चुने गए। इसके अलावा गौतेन्द्र पाल सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राजेन्द्र मोहन खन्ना उपाध्यक्ष, श्यामपाल सिंह महासचिव, वीरेन्द्र कुमार जोशी कोषाध्यक्ष, महेन्द्र त्रिपाठी व हरिशंकर शुक्ला सचिव, विजय बहादुर राय कार्यवाहक सहायक सचिव व प्रमोद वर्धन शर्मा कार्यवाहक सह कोषाध्यक्ष चुने गए। 

कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अनिल कुमार मिश्रा, अशोक कुमार सिंह, गुरमीत सिंह गिल, हरिनारायण सिंह विष्ट, हरेन्द्र सहाय, जय कुमार, मिथिलेश सिंह, नरेन्द्र कुमार यादव, सदानंद त्रिपाठी, श्याम बिहार लाल सक्सेना व शंभू सिंह चुने गए। जनसंपर्क की जिम्मेदारी नरेन्द्र पाल सिंह व सुधीर कुमार शर्मा को दी गई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें