बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश ने सपा पर निशाना साधा, बोले शराबबंदी कराएं अखिलेश
बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने रविवार को देवरिया के पथरदेवा स्थित आचार्य नरेंद्र देव इंटरकालेज में आयोजित जद यू कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर...
बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने रविवार को देवरिया के पथरदेवा स्थित आचार्य नरेंद्र देव इंटरकालेज में आयोजित जद यू कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की सपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सपा में मचे घमासान पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश में साहस हो तो लड़ाई-झगड़ा छोड़कर यूपी में शराबबंदी कराएं। उन्हें किसी की जरूरत नहीं पड़ेगी।
उन्होंने बिहार में अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए बात शुरू की और कहा कि शराबबंदी के बाद बिहार में सामाजिक क्रांति आई है। जो लोग इसके लिए उन्हें कोसते हैं वे अब उनकी तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांधी, लोहिया और कांशीराम, सभी शराब के खिलाफ थे। फिर सपा और बसपा इसकी पहल क्यों नहीं कर रही है।
उन्होंने मुलायम सिंह यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में विधान सभा चुनाव से पूर्व जनता परिवार को एकजुट करने का प्रयास किया गया था। सभी ने मिलकर मुलायम सिंह को नेता मानकर माला पहनाया। वह बाद में इससे क्यों अलग हो गए, उन्होंने यह बात आज तक नहीं बताई। नितीश रुके नहीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में धु्रवीकरण कराकर वोट की राजनीति हो रही है। जो ठीक नहीं है। भारत की विशेषता इसकी विविधता है। जो सबको साथ लेकर नहीं चल पाएगा वह विकास नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में समाजवादी शब्द नहीं जुड़ा है लेकिन जिनकी पार्टी समाजवादी है वे क्या कर रहे हैं। जनता देख रही है। 35 मिनट के सम्बोधन में नितीश न भाजपा या नरेंद्र मोदी का एक भी बार नाम नहीं लिया। निशाने पर सपा और उसके मुखिया ही रहे।