फोटो गैलरी

Hindi Newsएनडी तिवारी से मिलने लोहिया अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

एनडी तिवारी से मिलने लोहिया अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

लोहिया संस्थान में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी की तबीयत में इलाज के बाद सुधार है। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनडी तिवारी की सेहत का हाल लिया। डॉक्टरों से इलाज संबंधी जानकारी...

एनडी तिवारी से मिलने लोहिया अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री आदित्यनाथ
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 29 Mar 2017 01:22 PM
ऐप पर पढ़ें

लोहिया संस्थान में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी की तबीयत में इलाज के बाद सुधार है। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनडी तिवारी की सेहत का हाल लिया। डॉक्टरों से इलाज संबंधी जानकारी हासिल की। तेज बुखार के बाद मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी को लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया था। यहां कार्डियोलॉजी विभाग के डॉ. भुवन चन्द्र तिवारी के निर्देशन में इलाज चल रहा है। लोहिया अस्पताल के डॉ. नीरज श्रीवास्तव भी टीम के सदस्य हैं।

बुधवार को सुबह करीब 10.40 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोहिया संस्थान पहुंचे। छठे तल पर प्राइवेट रूम नंबर छह में भर्ती एनडी तिवारी के पास गए। उनकी सेहत के बारे में डॉक्टरों से जानकारी हासिल की। मुख्यमंत्री ने डॉ. भुवन से पूछा की अब तक क्या-क्या जांचें कराई गईं? बुखार आने की वजहें क्या हैं? इस पर डॉ. भुवन ने बताया कि पेशाब व खून समेत दूसरी जांचें कराई गई है। कुछ रिपोर्ट आई हैं। इसमें संक्रमण की पुष्टि हुई है। छाती का एक्सरे भी कराया गया है। डॉ. भुवन ने बताया कि इलाज से काफी फायदा है। रात से उन्हें बुखार भी नहीं है।

संस्थान के निदेशक डॉ. दीपक मालवीय ने मुख्यमंत्री को बताया कि डॉक्टरों की टीम पूर्व मुख्यमंत्री की सेहत की निगरानी कर रही है। दो से तीन दिन तक उन्हें संस्थान में भर्ती रखा जा सकता है। एनडी तिवारी के बेटे रोहित शेखर ने बताया कि लोहिया संस्थान में पिता जी को बेहतर इलाज मिल रहा है। उन्होंने शाम को पिताजी का हेल्थ बुलटेन जारी करने को कहा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पिताजी को देखने आना हमारे लिए खुशी की बात है। शपथ ग्रहण समारोह में भी आमंत्रित कर उन्होंने पिताजी का पूरा सम्मान दिया था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें