फोटो गैलरी

Hindi Newsभूपेंद्र सिंह का प्रदेश महामंत्री के पद पर प्रमोशन लगभग तय

भूपेंद्र सिंह का प्रदेश महामंत्री के पद पर प्रमोशन लगभग तय

मिशन-2017 पर जाने से पहले भाजपा संगठन को मजबूती देने में जुटी है। प्रदेश अध्यक्ष पद पर केशव प्रसाद मौर्य की ताजपोशी के बाद अब पूरा फोकस उनकी टीम के गठन पर है। उसमें क्षेत्र और जातिवार संतुलन का खास...

भूपेंद्र सिंह का प्रदेश महामंत्री के पद पर प्रमोशन लगभग तय
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 30 Apr 2016 09:11 PM
ऐप पर पढ़ें

मिशन-2017 पर जाने से पहले भाजपा संगठन को मजबूती देने में जुटी है। प्रदेश अध्यक्ष पद पर केशव प्रसाद मौर्य की ताजपोशी के बाद अब पूरा फोकस उनकी टीम के गठन पर है। उसमें क्षेत्र और जातिवार संतुलन का खास ख्याल रखा जा रहा है। यूपी की टीम में इस बार पश्चिम का खास दबदबा दिखाई देगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह को प्रदेश महामंत्री बनाने पर लगभग सहमति बन चुकी है तो एक-दो नेताओं को भी प्रदेश टीम में महत्व दिया जाएगा।

लंबी जद्दोजहद और मंथन के बाद भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने यूपी में प्रदेश अध्यक्ष पद पर पिछड़ा कार्ड खेला। जिसके तहत सांसद केशव प्रसाद मौर्य को अध्यक्ष बनाया गया। नेताओं का मानना है कि केशव को अध्यक्ष बनाने से पिछड़ी जाति खास तौर से मौर्य, सैनी, कुशवाह बिरादरी का वोट भाजपा के पास आएगा। प्रदेश टीम के गठन में भी इस फार्मूले का इस्तेमाल किया जा रहा है। मई के पहले हफ्ते में केशव प्रसाद मौर्य की टीम का ऐलान हो जाएगा। प्रदेश प्रभारी ओम माथुर के साथ 36 सदस्यीय टीम को लेकर चर्चा हो चुकी है। अधिकांश नामों पर सहमति भी बन चुकी है। टीम में हर क्षेत्र और जाति के नेताओं को स्थान मिलना तय है। ऐसे में प्रदेश टीम में पश्चिमी यूपी का दबदबा दिखाई देगा। पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह को प्रदेश महामंत्री  बनाकर हाईकमान उनकी मेहनत का इनाम देने की तैयारी में है। हालांकि, मौजूदा प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कटारिया भी पश्चिम के कोटे से महामंत्री पद के दावेदार हैं। पुरानी प्रदेश टीम में प्रदेश उपाध्यक्ष रहे सांसद सत्यपाल सिंह केशव मौर्य की टीम में भी शामिल रहेंगे। प्रदेश मंत्री कांता करदम को केंद्र के एक आयोग में शामिल करने की तैयारी के चलते अन्य महिला नेत्री को उनकी जगह प्रदेश टीम में शामिल किया जाएगा। प्रदेश प्रवक्ता डा. चंद्रमोहन को भी नई टीम में बरकरार रखकर महत्व मिलना तय है। अभी तक प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे अश्वनी त्यागी की दोबारा टीम में वापसी पर संशय है। माना जा रहा है कि अगर वह विधानसभा टिकट की दावेदारी करेंगे तो उनकी जगह पश्चिम के किसी और नेता को प्रदेश टीम में जगह दी जाएगी।

क्षेत्रीय अध्यक्ष को लेकर मारामारी
भले ही अभी तक प्रदेश टीम का ऐलान नहीं हुआ हो पर, मौजूदा क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के प्रमोशन की चर्चा शुरू होते ही उनके उत्तराधिकारी के रूप में कई नाम उभर कर सामने आए हैं। तमाम नेताओं ने हाईकमान के सामने अपनी दावेदारी भी पेश कर दी। जिन नेताओं के नाम इस पद के लिए चर्चा में हैं उनमें प्रमुख रूप से पुरानी टीम में प्रदेश मंत्री रहे सहारनपुर के जसवंत सैनी, विद्यार्थी परिषद के पूर्व संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कटारिया और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष गोपाल अंजान शामिल हैं। फिलहाल प्रदेश टीम के ऐलान के बाद ही क्षेत्रीय टीमों पर फैसला होगा।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें