फोटो गैलरी

Hindi Newsमेरठ में सैनिकों को मिले 246 घर

मेरठ में सैनिकों को मिले 246 घर

जान की बाजी लगाकर सरहदों को सुरक्षित रखने वाले सैनिक अब मेरठ कैंट में अपने परिवार के साथ रह सकेंगे। यहां अगले साल तक 4 हजार 695 मकान तैयार हो जाएंगे। इस कड़ी में कारगिल के जाबांज परमवीर चक्र विजेता...

मेरठ में सैनिकों को मिले 246 घर
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 27 Sep 2016 09:34 PM
ऐप पर पढ़ें

जान की बाजी लगाकर सरहदों को सुरक्षित रखने वाले सैनिक अब मेरठ कैंट में अपने परिवार के साथ रह सकेंगे। यहां अगले साल तक 4 हजार 695 मकान तैयार हो जाएंगे। इस कड़ी में कारगिल के जाबांज परमवीर चक्र विजेता योगेन्द्र सिंह के नाम पर बना 246 फ्लैटों वाला योगेन्द्र सिंह काम्प्लैक्स मंगलवार को पश्चिमी यूपी सब एरिया कमांडर ने चार्जिंग रैम डिवीजन के जीओसी को सौंप दिया।

आबादी और एरिया के हिसाब से मेरठ देश का दूसरा सबसे बड़ा कैंट है। यहां करीब 20 हजार फौजी तैनात हैं। रक्षा मंत्रालय ने यहां सैनिकों एवं अफसरों के लिए 4 हजार 695 मकानों का निर्माण शुरू कराया है। जून में यहां अफसरों के लिए तैयार हुईं 56 यूनिट आर्मी के सुपुर्द की गई थीं।

पश्चिमी यूपी सब एरिया कमांडर मेजर जनरल के. मनमीत सिंह ने परमवीर चक्र विजेता योगेन्द्र सिंह यादव के नाम वाले शिलापट का अनावरण किया। उन्होंने 22 डिवीजन के जीओसी मेजर जनरल एस. केमप्राज को इन घरों की चाबी सौंपी। सब एरिया कमांडर ने कहा कि दिसंबर तक 1200 और कमान सेना के सुपुर्द हो जाएंगे। अगले साल तक सभी चार हजार 695 मकान बन जाएंगे। जीओसी के.मनमीत सिंह और 22 डिव के जीओसी एस केमप्राज ने संयुक्त रूप से यहां जेसीओ एवं सैनिकों के लिए बनाए गए फ्लैट देखे और पूरे कैंपस का विजिट किया।

परमवीर चक्र विजेता योगेन्द्र सिंह यादव को भी बुलाएंगे
पश्चिमी यूपी सब एरिया कमांडर मेजर जनरल के. मनमीत सिंह ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने और सैनिकों के मनोबल को ऊंचा करने के उद्देश्य से रेजीडेंशियल काम्प्लैक्स को कारगिल के जाबांज योगेन्द्र सिंह का नाम दिया गया है। कमांडर ने कहा कि योगेन्द्र सिंह यादव बुलंदशहर के रहने वाले हैं। उन्होंने कारगिल युद्ध में टाइगर हिल टॉप पर तिरंगा फहराया। महज 19 साल की उम्र में योगेन्द्र को परमवीर चक्र पाने का गौरव प्राप्त हुआ। जल्द ही उन्हें मेरठ बुलाया जाएगा ताकि वह भी अहसास कर सकें कि उनके बहादुरी भरे कारनामों के प्रति लोगों के दिलों में कितनी शानदार भावनाएं हैं। कमांडर ने कहा कि आने वाले सभी रेजीडेंशियल काम्प्लैक्स को ऐसे ही बहादुर फौजियों का नाम दिया जाएगा।

माडर्न तकनीक से बने हैं फ्लैट
सेना के लिए कैंट में इस समय सरकुलर रोड, स्टेशन रोड, रैम पार्क के पास समेत करीब 19 साइट पर जी प्लस टू फ्लैट बनाए जा रहे हैं। मंगलवार को जो फ्लैट हैंडओवर किए गए वह सिम्प्लैक्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड़ ने बनाए हैं। इन फ्लैट के किचन में ग्रीन मार्बल लगाया गया। एक बाथरूम में इलेक्ट्रिक गीजर लगा है तो दूसरे में सोलर गीजर। मॉड्यूलर किचन और स्टील की विंडो और गेट इसे और खास बनाते हैं। सैनिकों के लिए 770 स्क्वायर फुट में और जेसीओ के लिए 1220 स्क्वायर फुट में फ्लैट बनाए गए हैं। इनकी लागत भी बेहद कम आई है। सैनिकों के लिए महज 9.5 लाख और जेसीओ के लिए 13 लाख रुपये में ये फ्लैट तैयार हुए हैं। हालांकि इसमें जमीन की कीमत शामिल नहीं है।

योगेन्द्र सिंह काम्प्लैक्स बनेगा मॉडल
22 डिवीजन के जीओसी एस. केमप्राज ने अधीनस्थों को चाबियां सौंपते हुए कहा कि वह इसे मॉडल कालोनी बनाएं। यहां ओपन स्पेस, पार्क आदि काफी शानदार है इसलिए इसे हरा-भरा बनाएं। यहां रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन लगातार बेहतरी के लिए ऐसे काम करे जिससे यह कालोनी आर्मी के दूसरे रेजीडेंशियल काम्प्लैक्स के लिए एक नजीर बन सके।

सैन्य परिवारों के फीड बैक से होंगे अपडेट
सब एरिया कमांडर मेजर जनरल के. मनमीत सिंह ने कहा कि योगेन्द्र यादव काम्प्लैक्स में रहने वाले सैन्य परिवारों से फीड बैक लिया जाएगा। उनके सुझावों के आधार पर आगे तैयार हो रहे फ्लैटों में सुधार किया जाएगा।

मेरठ कैंट में बनेगा यूपी का सबसे बड़ा सोलर फार्म
मेरठ कैंट में यूपी का सबसे बड़ा सोलर फार्म तैयार हो रहा है। केंद्र सरकार के अक्षय ऊर्जा मंत्रालय के सहयोग से बन रहे इस सोलर फार्म की क्षमता अगले पांच साल के अंदर 20 मेगावाट होगी।

पश्चिमी यूपी सब एरिया कमांडर मेजर जनरल के. मनमीत सिंह ने बताया कि चार मेगावाट से शुरू होने वाले इस सोलर फार्म की क्षमता हर साल चार-चार मेगावाट बढ़ाई जाएगी। सोलर फार्म से ग्रिड को बिजली की सप्लाई होगी। बदले में कैंट के बिजली बिलों में कटौती होगी। कमांडर ने कहा कि पूरे कैंट को सोलर लाइट पर लाने के लिए यह बड़ा प्रोजेक्ट है। इसके साथ ही कैंट के सिविल एरिया को भी सोलर एनर्जी पर लाया जा रहा है। कैंट बोर्ड सत्रह बिल्डिंगों पर सोलर पैनल लगा रहा है। सारे दफ्तर, स्कूल, अस्पताल सोलर लाइट पर होंगे। सारी स्ट्रीट लाइट भी एलईडी होंगी। कमांडर ने कहा कि जल्द ही इन कालोनियों में ग्रीन एरिया डेवलप किए जाएंगे। मौके पर कमांडर के साथ एडम कमांडेंट कर्नल सुबोध गर्ग भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें