फोटो गैलरी

Hindi Newsआजम ने UN को लिखा- मुसलमान दहशत में

आजम ने UN को लिखा- मुसलमान दहशत में

नोएडा के दादरी कांड पर जारी सियासत को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश के काबीना मंत्री आजम खां ने संयुक्त राष्ट्र (यूएन) को पत्र लिख कहा है कि दादरी कांड के बाद मुसलमान दहशत में हैं। भाजपा व आरएसएस देश...

आजम ने UN को लिखा- मुसलमान दहशत में
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 05 Oct 2015 08:40 PM
ऐप पर पढ़ें

नोएडा के दादरी कांड पर जारी सियासत को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश के काबीना मंत्री आजम खां ने संयुक्त राष्ट्र (यूएन) को पत्र लिख कहा है कि दादरी कांड के बाद मुसलमान दहशत में हैं। भाजपा व आरएसएस देश को हिन्दू राष्ट्र बनाना चाहते हैं। ऐसे में देश के मुसलमान खौफजदा व असहाय से हैं।

उन्होंने कहा, 'इसलिए मैंने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव को पत्र लिख उनसे मिलने का वक्त मांगा है'। उनका कहना है कि उन्हें भारतीय होने पर गर्व है और करोड़ों अल्पसंख्यकों की तरह वे भी अपनी मातृभूमि को प्यार करते हैं। इसलिए यूएन इस मसले को देखे और भारत सरकार से कहे कि अंतरराष्ट्रीय समझौते का पालन हो और धर्मनिरपेक्षता बनी रहे। किसी भी तरह गैर संवैधानिक संस्थाएं देश को हिन्दू राष्ट्र में तब्दील करने का एजेंडा न ला सकें।

आजम खां ने सोमवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। साथ ही यूएन को लिखा पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि यूएन मानवता के नाते काम करता है, इसलिए पत्र लिखकर उसके सामने मुसलमानों की मजबूरी का अहसास कराया जाएगा। इस सवाल पर कि क्या देश के संविधान, सुप्रीम कोर्ट व सरकार पर उन्हें भरोसा नहीं है, इस पर उन्होंने कहा कि छह दिसंबर 1992 को क्या हुआ? बाबरी मस्जिद ढहा दी गई। उस वक्त भी सरकार, अदालत, संविधान था। हलफनामा दिया गया था कि इसकी सुरक्षा की जाएगी लेकिन क्या हुआ?

आजम ने कहा कि पहले बाबरी और अब दादरी। भाजपा व संघ देश को हिन्दू राष्ट्र बनाने के एजेंडे पर काम कर रहे हैं और मोदी सरकार इसमें मदद कर रही है। ऐसी सूरत में में देश के 18 करोड़ मुसलमानों की क्या हैसियत होगी, उन्हें क्या अधिकार मिलेंगे, यह हम लोग जानना चाहते हैं।

बिहार चुनाव में विकास नहीं बीफ है मुद्दा
आजम खां ने कहा कि बिहार में अब विकास का मुद्दा नहीं है। अगड़ा पिछड़ा पर चर्चा नहीं हो रही है। साम्प्रदायिक ताकतें बीफ को मुद्दा बना रही हैं। इसके जरिए पहले बिहार का चुनाव जीता जाएगा। फिर यही सब यूपी चुनाव में होगा। बिहार चुनाव में मुद्दा बदल चुका है। अगर किसी के पेट में बीफ है तो उसे मार दिया जाए। न पुलिस, न कोर्ट न सरकार।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें