फोटो गैलरी

Hindi Newsलखनऊ से सात मंत्री बने, मेरा बोझ कुछ कम हुआ: राजनाथ सिंह

लखनऊ से सात मंत्री बने, मेरा बोझ कुछ कम हुआ: राजनाथ सिंह

केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ से सात मंत्री बने हैं। ऐसे में अब मेरा बोझ कुछ कम हो गया है। सभी मंत्री मिलकर लखनऊ का विकास कराएंगे। जनता की समस्याओं को दूर कराएंगे। उन्होंने कहा कि...

लखनऊ से सात मंत्री बने, मेरा बोझ कुछ कम हुआ: राजनाथ सिंह
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 27 Mar 2017 01:08 AM
ऐप पर पढ़ें

केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ से सात मंत्री बने हैं। ऐसे में अब मेरा बोझ कुछ कम हो गया है। सभी मंत्री मिलकर लखनऊ का विकास कराएंगे। जनता की समस्याओं को दूर कराएंगे। उन्होंने कहा कि जनता ने हमें बहुत प्यार दिया है। अब हमे उनकी कसौटी पर खरे उतरना है। गृहमंत्री ने कार्यकर्ताओं का खूब उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता के स्वाभिमान को चोट नहीं पहुंचनी चाहिए। सभी मंत्री इसका ध्यान रखेंगे। गृहमंत्री ने यह बात रविवार को राजकीय इण्टर कालेज निशातगंज में आयोजित पूर्व विधान सभा के कार्यकर्ता सम्मान समारोह में कही। समारोह का आयोजन कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक आशुतोष टण्डन ने किया था। समारोह में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा सहित कई मंत्री भी मौजूद थे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने जिस्म का पसीना बहाकर भारतीय जनता पार्टी को प्रतिष्ठा दिलायी है। उन्होंने विधान सभा चुनाव में हुई जीत को कार्यकर्ताओं की विजय बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब उन्हें पहले से ज्यादा मेहनत करना होगा। कार्यकर्ताओं ने लोगों से वोट मांगा है। अब लोग उनके पास आएंगे। ऐसे में उनकी समस्याएं दूर करानी होगी। गृहमंत्री ने कहा कि लखनऊ से सात सात मंत्री बनने की वजह से अब हमारे ऊपर से कुछ बोझ कम हुआ है। अब मैं कुछ निश्चिन्त हो गया हूं। सभी मंत्री मिलकर अब लखनऊ का विकास कराएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव अद्भुत था। देश विदेश के सभी विश्लेषक कहते थे कि बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी होगी लेकिन बहुमत नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि 2014 में शुरू हुआ विजय का सिलसिला आगे बढ़ता जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि यह दिन केवल उनकी वजह से देखने को मिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप की शक्ति अपरम्पार है। कार्यक्रम के आयोजक व कैबिनेट मंत्री आशुतोष टण्डन ने कहा कि कार्यकर्ता उनका स्वागत करने की बात कह रहे हैं लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। मेरे स्वागत की जगह मैं खुद कार्यकर्ताओं का स्वागत करुंगा। उन्होंने कहा कि मैं खुद कार्यकर्ताओं का स्वागत करने उनके यहां जाऊंगा। अपने स्वागत के किसी कार्यक्रम में नहीं जाऊंगा। उनके यह कहते हैं कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ गया और पण्डाल तालियों से गूंजने लगा। समारोह में जेएन सेठ, केसी जैन, आरकेएस डोंगरा, मदन शुक्ला, यूएन अवस्थी, उर्मिला, शान्ती गुप्ता, चन्द्रभानु, गंगाचरण तथा रामचन्द्र वर्मा सहित कई वयोवृद्ध कार्यकर्ताओं को गृहमंत्री ने सम्मानित किया। सम्मान समारोह में पूर्व मंत्री लालजी टण्डन, कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. महेन्द्र सिंह, नगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, कार्यवाहक महापौर सुरेश अवस्थी, नगर उपाध्यक्ष अनुराग मिश्रा अन्नू सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें