फोटो गैलरी

Hindi Newsएक साल में भ्रष्टाचार खत्म किया: जेटली

एक साल में भ्रष्टाचार खत्म किया: जेटली

नरेंद्र मोदी सरकार के पहले साल की उपलब्धियों का बखान करने उतरे वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शुक्रवार को कहा, मोदी सरकार ने राजनीतिक एवं सरकारी भ्रष्टाचार खत्म कर दिया है। अर्थव्यवस्था को फिर पटरी पर ले...

एक साल में भ्रष्टाचार खत्म किया: जेटली
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 23 May 2015 01:09 AM
ऐप पर पढ़ें

नरेंद्र मोदी सरकार के पहले साल की उपलब्धियों का बखान करने उतरे वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शुक्रवार को कहा, मोदी सरकार ने राजनीतिक एवं सरकारी भ्रष्टाचार खत्म कर दिया है। अर्थव्यवस्था को फिर पटरी पर ले आई है। साथ ही वित्त मंत्री ने कांग्रेस पर विकास की राह में रोड़े अटकाने का आरोप लगाया।

जेटली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्रा पर विपक्ष की अलोचना को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में उनकी 18 देशों की यात्रा से भारत ने विश्व में विशेष स्थान अर्जित किया है।

निराशा का माहौल खत्म : जेटली ने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने निराशा को खत्म कर उत्साह का माहौल तैयार किया है। इसकी सबसे बड़ी मिसाल अर्थव्यवस्था में 7.5-8 प्रतिशत की दर से बढ़ोतरी होना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार तेजी से फैसले ले रही है़, और कठिन फैसले ले रही है। पिछले एक साल में सरकार की दिशा को लेकर कोई संशय नहीं रहा है। यह दिशा वृद्धि और विकास की है।

यूपीए सरकार को घेरा: यूपीए-2 सरकार में हुए भ्रष्टाचार पर विपक्ष को घेरते हुए जेटली ने कहा कि पिछली सरकार ने सांठ-गांठ वाले पूंजीवाद और भ्रष्टाचार को प्रोत्साहित किया था। अब वही बेवजह देश के विकास में रोड़े अटका रही है।

जेटली ने भरोसा जताया कि संसद के अगले सत्र में भूमि अधिग्रहण और जीएसटी विधेयकों को पारित करा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को इन विधेयक को लेकर अपने रुख में बदलाव लाना होगा।

 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें