फोटो गैलरी

Hindi Newsजयललिता का निधन

जयललिता का निधन

करीब ढाई महीने से अस्पताल में भर्ती तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे.जयललिता का सोमवार देर रात निधन हो गया। अपोलो अस्पताल ने इसकी पुष्टि की है। 68 वर्षीय जयललिता को रविवार रात दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद...

जयललिता का निधन
एजेंसीTue, 06 Dec 2016 01:33 AM
ऐप पर पढ़ें

करीब ढाई महीने से अस्पताल में भर्ती तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे.जयललिता का सोमवार देर रात निधन हो गया। अपोलो अस्पताल ने इसकी पुष्टि की है। 68 वर्षीय जयललिता को रविवार रात दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद से ही उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। अस्पताल की तरफ से दिए गए बयान में कहा गया ‘ इस घोषणा के लिए हमारे पास शब्द नहीं हैं। यह बताते हुए बड़ा दुख हो रहा है कि ‘अम्मा’ जयललिता अब इस दुनिया में नहीं रहीं। उन्होंने रात 11.30 बजे अंतिम सांस ली।’ उन्हें 22 सितंबर को बुखार और पानी की कमी के कारण भर्ती कराया गया था। उनकी पार्टी एआईएडीएमके ने भी निधन की पुष्टि की है।

कयासों का दौर: करीब 26 घंटे तक उनकी सेहत को लेकर कयासों का दौर चला। सोमवार शाम कुछ तमिल चैनलों ने उनके निधन की खबर चला दी थी। इसके बाद उनके समर्थकों में अफरातफरी मच गई थी। उनके समर्थक बेकाबू भी हो गए थे जिस वजह से पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। राज्यभर में जिस तरह के सुरक्षा इंतजाम किए गए थे उससे माना जा रहा था कि जयललिता की हालत बेहद गंभीर है।

देर रात एआईएडीएमके की बैठक: जयललिता के निधन की घोषणा के बीच ही एआईएडीएमके के विधायकों की बैठक पार्टी मुख्यालय में चलती रही। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में जयललिता के करीबी पनीरसेल्वम को उनका उत्तराधिकारी चुन लिया गया। 

सात दिन का शोक: जयललिता के निधन पर तमिलनाडु में सात दिन के राजकीय शोक और तीन दिन के अवकाश की घोषणा की गई है। स्कूल, कॉलेज समेत सभी निजी और सरकारी संस्थान बंद रहेंगे। अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर राजाजी हॉल में रखा जाएगा। मंगलवार को ही उनका अंतिम संस्कार होगा। पीएम मोदी समेत देश के तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है।


- 75 दिन तक अपोलो अस्पताल में भर्ती रहीं जयललिता। 22 सितंबर को बीमार पड़ने पर उन्हें दाखिल कराया गया था। एम्स के डॉक्टरों की टीम भी इलाज में जुटी थी।


पहले से सुरक्षा तैयारियां
- आरएएफ की 11 कंपनियां तैनात थीं
- कुछ स्कूलों की छुट्टियां घोषित 
- कई दफ्तरों से कर्मियों को जल्द घर भेज दिया गया
- पार्टी मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी


- जयललिता को मेरी ओर से हार्दिक श्रद्धांजलि, राष्ट्र ने एक ऐसे नेता को खो दिया जिसके करोड़ों चाहने वाले थे। 
प्रणब मुखर्जी, राष्ट्रपति


- जयललिता के निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी हूं। उनके देहांत ने भारतीय राजनीति में खालीपन पैदा कर दिया है। उनकी आत्मा को शांति मिले।

नरेंद्र मोदी, पीएम

- हमने आज एक महान नेता को खो दिया। महिलाओं, किसानों और सभी का ख्याल रखने वाली चली गईं। हम उन्हें हमेशा याद करेंगे।
राहुल गांधी, कांग्रेस उपाध्यक्ष

- जयललिता का निधन भारत की जनता के लिए अपूरणीय क्षति है। वह अच्छी नेता के साथ शानदार व्यक्तित्व वाली शख्सियत थीं।
 हामिद अंसारी, उपराष्ट्रपति

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें