फोटो गैलरी

Hindi Newsकांग्रेस आएगी तभी अच्छे दिन आएंगे

कांग्रेस आएगी तभी अच्छे दिन आएंगे

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को नोटबंदी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला। साथ ही 2014 लोकसभा चुनाव में भाजपा के नारे पर तंज करते हुए कहा कि लोगों के अच्छे दिन तभी...

कांग्रेस आएगी तभी अच्छे दिन आएंगे
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 11 Jan 2017 11:51 PM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को नोटबंदी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला। साथ ही 2014 लोकसभा चुनाव में भाजपा के नारे पर तंज करते हुए कहा कि लोगों के अच्छे दिन तभी आएंगे जब 2019 में कांग्रेस सत्ता में आएगी। जन वेदना सम्मेलन में कांग्रेस उपाध्यक्ष ने सरकार पर भारत की आत्मा को खत्म करने का आरोप लगाते कहा कि नोटबंदी अक्षम और बिना सोचे समझे लिया गया फैसला है।

इस फैसले के लिए पूरी दुनिया में प्रधानमंत्री की आलोचना हुई है। राहुल ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की गैरमौजूदगी में पहले बड़े सम्मेलन की अध्यक्षता की। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और आरएसएस प्रमुख संवैधानिक संस्थाओं को खत्म कर रहे हैं। नोटबंदी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक झटके में लोगों की वर्षों की खून-पसीने की कमाई को कागज के टुकड़ो में बदल दिया। कांग्रेस ने कभी सत्तर वर्षों में ऐसा नहीं किया था।

सरकार पर एक मुद्दे से दूसरे मुद्दे पर जाने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नया हिंदुस्तान बनाना चाहते हैं। पर उन्हें पहले यह बताना चाहिए कि क्या यह भारत खराब है। योग का जिक्र करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पद्मासन नहीं किया। सफाई अभियान में झाडू भी गलत पकड़ी थी। मेक इन इंडिया का आलम यह है कि गाड़ियों की बिक्री में जबरदस्त गिरावट आई है।

डरो मत: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भाजपा सरकार से न डरने की भी नसीहत की। सभी मजहबों का उदाहरण देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सभी धर्म हमें सिखाते हैं कि डरना नहीं चाहिए। भाजपा पर सच्चाई से डरने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा हमेशा इतिहास और भविष्य की बात करती है। 
 
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें