सोनभद्र में दुर्गा मंदिर से एक लाख से अधिक के जेवरात व नकदी चोरी
स्थानीय थाना क्षेत्र के गडईडीह में स्थित नर्मदेश्वर महादेव व पराम्बा शक्तिपीठ धाम में स्थापित मां दुर्गा मंदिर से गुरुवार की रात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात व दान पेटिका में रखे रुपये चोरी कर...
स्थानीय थाना क्षेत्र के गडईडीह में स्थित नर्मदेश्वर महादेव व पराम्बा शक्तिपीठ धाम में स्थापित मां दुर्गा मंदिर से गुरुवार की रात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात व दान पेटिका में रखे रुपये चोरी कर लिया। चोर दान पेटिका भी अपने साथ ले गए थे। दान पेटिका मंदिर से कुछ दूर खेत में टूटी हुई मिली।
मंदिर के पुजारी हरेराम पाण्डेय ने बताया कि गुरुवार की शाम लगभग नौ बजे वे मंदिर के सारे दरवाजे बंद कर अपने घर चले गए। शुक्रवार की सुबह लगभग पांच बजे जब वे मंदिर पहुंचे तो मंदिर परिसर के तीन तालों को टूटा पाया। अंदर जाकर देखा तो मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की मूर्ति का सोने का छत्र, हार, करधनी व अन्य सामान गायब था। मंदिर में रखी दान पेटिका भी गायब थी। मंदिर के पुजारी श्री पाण्डेय ने बताया कि चोरी गए जेवरात लगभग एक लाख से अधिक के हैं। इसकी सूचना उन्होंने मंदिर के बगल में स्थित मंदिर के प्रबंधक भानमती देई व अध्यक्ष ग्राम प्रधान चोपन गांव विष्णुकांत मौर्य को दी। इसके बाद दान पेटिका समेत अन्य सामानों की तलाश शुरू कर दी गई। मंदिर से लगभग तीन सौ मीटर दूरी पर खेत में दान पेटिका टूटी हुई मिली। मंदिर के अध्यक्ष ग्राम प्रधान विष्णुकांत मौर्य ने घटना की जानकारी चोपन थाना पुलिस को दी। चोपन थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि घटना की सूचना मिली है। इस मामले में अभी किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।