फोटो गैलरी

Hindi Newsआंधी-बारिश ने जनजीवन को किया अस्त-व्यस्त

आंधी-बारिश ने जनजीवन को किया अस्त-व्यस्त

समस्तीपुर में सोमवार के अहले सुबह आंधी के साथ हुई बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। हालांकि कोई बड़ी क्षति तो नहीं हुई लेकिन जगह-जगह बिजली के पोल उखड़ने व तार पर पेड़ गिर जाने से लोगों को घंटो...

आंधी-बारिश ने जनजीवन को किया अस्त-व्यस्त
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 25 Apr 2017 12:24 AM
ऐप पर पढ़ें

समस्तीपुर में सोमवार के अहले सुबह आंधी के साथ हुई बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। हालांकि कोई बड़ी क्षति तो नहीं हुई लेकिन जगह-जगह बिजली के पोल उखड़ने व तार पर पेड़ गिर जाने से लोगों को घंटो बिजली संकट के साथ पेयजल संकट का सामना करने को विवश होना पड़ा। शहरी क्षेत्र में सुबह सात बजे के बाद बिजली मिली जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 11 बजे के बाद बिजली की व्यवस्था दुरूस्त हो पायी। कुछ जगहों पर सड़क पर ही पेड़ गिरने से आवागमन की समस्या लोगों को झेलनी पड़ी।

पूसा: रविवार की देर रात आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान कई झोपड़ीनुमा व पेड़-पौधे गिर गये। हालांकि कहीं से जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। आंधी के बाद से पूसा में विद्युत व्यवस्था अब तक ठप है। नतीजतन लोग मोबाइल चार्ज करने तक के लिए भटकते रहे। इधर बालिका उच्च विद्यालय, पूसा में आंवला का एक पेड़ गिर गया। बोर्ड, झोपड़ीनुमा घर आदि गिरने की सूचना है। वहीं वर्षा के कारण जर्जर, कच्ची व खरंजा सड़को पर चलना दूभर रहा। महमदपुर देवपार के वार्ड -4 में कई घरों में वर्षा का पानी घुस गया। वही सड़कों पर जलजमाव से लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया।

कल्याणपुर: प्रखंड में आयी आंधी से किसानों को नुकसान हुआ है। किसानों कं मुताबिक दस दिनों में गेहूं कटनी समाप्त ही होती। लेकिन आंधी से नुकसान हो गया। मकई की कई बिगहे में लगी फसल को भी आंधी ने नुकसान पहुंचाया। यही हाल सब्जी की खेती की भी है। मक्का की फसल में दाना निकल ही रहा था जिसे आंधी ने गिरा दिया। इधर, आंधी से कई लोगों के घर भी क्षतिग्रस्त हो गये। किसान लालबाबू झा, सुरेन्द्र प्रसाद सिंह, रामदेव महतो, रामचंद्र ठाकुर का कहना था कि फसल तैयार हो रही थी इसे बेचकर किसान अपना कर्ज चुकाते या बेटा-बेटी की शादी करते परंतु अब तो इस पर ग्रहण लग गया।

वहीं रामभद्रपुर के मुखिया फिरोजा खातून ने बताया कि इस आंधी में जीवछ सहनी, मो़ नाजीम, मो़ मुस्तकीम, मो़. बशिष्ट सहित दो के फूस के घर गिर गये।

ताजपुर: ताजपुर व आसपास सोमवार की तड़के आंधी-पानी के दौरान कई स्थानों पर बिजली के तार टूट जाने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गयी है। बिजली नहीं रहने से बाजारवासियों के अलावे ग्रामीण उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में पूछे जाने पर प्रशाखा पदाधिकारी सह कनीय अभियंता ने बताया कि पैंतीस हजार वाले सप्लाई लाइन का तार टूट गयी है। इंसुलेटर भी ख़राब हो गया है। सभी को दुरुस्त कराये जा रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें