तेज धूप के बाद हुई जोरदार बारिश, बादलों ने किया अंधेरा
साहिबगंज व आसपास इलाके में रविवार की शाम साढ़े चार बजे हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है। दरअसल, सुबह से आसमान साफ था। यहां दिन में तेज धूप के साथ गर्म...
साहिबगंज व आसपास इलाके में रविवार की शाम साढ़े चार बजे हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है। दरअसल, सुबह से आसमान साफ था। यहां दिन में तेज धूप के साथ गर्म हवा चल रही थी।
तेज धूप गर्म हवा को लेकर दोपहर में शहर के प्रमुख सड़कों पर सन्नाटा छा गया था। मुसलमानों को पहला रोजा होने के कारण गर्मी का काफी एहसास हो रहा था। कई रोजेदार कड़ी धूप की वजह से घर में दुबके रहे। इधर, दोपहर साढ़े तीन बजे मौसम का तल्ख मिजाज बदला और आसमान में काले बादल छा गए। बादल के छाने से शाम चार बजे ही यहां रात का नजारा लगने लगा। सड़क पर चलने वाले दो व चार पहिया वाहन को हेड लाइट जलानी पड़ी। इसके बाद बादल गरजने के साथ जोरदार बारिश हुई। बारिश के साथ तेज हवा चल रही थी। इससे कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। करीब एक घंटे तक जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जिले भर में 16 एमएम बारिश हुई।
अधिकतम तापमान 35 व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ एके झा ने बताया कि अगले एक सप्ताह में तापमान में आंशिक उतार-चढ़ाव की संभावना है।