फोटो गैलरी

Hindi Newsराज्य के विकास में भागीदार बनें महिलाएं : राज्यपाल

राज्य के विकास में भागीदार बनें महिलाएं : राज्यपाल

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने महिलाओं से खुद सशक्त बनने का संकल्प लेने का आह्वान किया है। कहा है कि महिलाएं न तो कभी दुर्बल थीं और कभी रहेंगी। महिलाएं अपनी शक्ति को समझें और विकास में भागीदार बनें।...

राज्य के विकास में भागीदार बनें महिलाएं : राज्यपाल
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 09 Mar 2017 02:33 AM
ऐप पर पढ़ें

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने महिलाओं से खुद सशक्त बनने का संकल्प लेने का आह्वान किया है। कहा है कि महिलाएं न तो कभी दुर्बल थीं और कभी रहेंगी। महिलाएं अपनी शक्ति को समझें और विकास में भागीदार बनें। राज्यपाल बुधवार को एचईसी के नेहरू स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आजीविका महिला महासम्मेलन को संबोधित कर रही थीं।

सम्मेलन का आयोजन महिला एवं बाल विकास और ग्रामीण विकास विभाग के सौजन्य से स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी द्वारा किया गया था, जिसमें राज्य के सखी मंडल, ग्राम संगठन और संकुल संगठन की भारी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

राज्यपाल ने कहा कि घर का 90 प्रतिशत काम महिलाएं करती हैं। अब यह अपने अधिकार के लिए घर से निकलने लगी हैं। महिला स्वयं सहायता समूह अच्छा काम कर रहा है। यह समूह सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। इसे ध्यान में रखकर महिला समूह को और मजबूत बनाने की जरूरत है। राज्यपाल ने कहा - सम्मान मिलता नहीं है, लेना पड़ता है। महिलाएं खुद शिक्षित बनें और दूसरे को भी बनाएं। ग्रामीण विकास सचिव एनएन सिन्हा ने स्वागत भाषण दिया।

कुरीतियों को दूर करने का संकल्प लें : नीलकंठ

ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि मुख्यमंत्री महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर दे रहे हैं। पंचायत भवन में सखी मंडल को एक कमरा उपलब्ध कराया जाएगा। मनरेगा में 50 हजार महिलाओं को मेट बनाया गया है, जो अच्छा काम कर रही हैं। महिलाएं सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का संकल्प लें।

सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं : लुईस

महिला एवं बाल विकास मंत्री लुईस मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चला रही है। इसमें सबला एवं किशोरी शक्ति, मातृत्व लाभ, मुख्यमंत्री लक्ष्मी लाडली योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्यादन जैसी योजनाएं शामिल हैं। महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठाएं और विकास में भागीदार बनें।

सरकार महिलाओं के साथ : राजाबाला

मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने कहा कि सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना सखी मंडल की महिलाओं का काम है। मुख्यमंत्री महिलाओं के विकास को लेकर चिंतित रहते हैं। उनका मानना है कि महिलाओं के विकास के बिना राज्य का विकास नहीं हो सकता।

कम दर पर मिलेगा लोन : अमित

वित्त सचिव अमित खरे ने कहा कि मुख्यमंत्री महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष जोर दे रहे हैं। दो वर्षों से महिलाओं के लिए अलग बजट बनाया जा रहा है। इस साल 7,684 करोड़ का बजट सिर्फ महिलाओं के लिए बनाया गया है। सखी मंडल को सभी जिलों में अब एक ब्याज दर पर लोन मिलेगा।

कुपोषण दूर करने में सहयोग करें : भाटिया

महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव एमएस भाटिया ने सखी मंडल की महिलाओं से कुपोषण की रोकथाम में सहयोग करने की अपील की। कहा कि कुपोषण राज्य की बड़ी समस्या है। सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिसे घर-घर पहुंचाना सखी मंडल की महिलाओं का काम है।

पुरस्कार एवं चेक वितरित

सखी मंडल की महिलाओं को कुटीर उद्योग के लिए 42 करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया गया। इससे 7,200 सखी मंडल को वित्तीय सहायता प्राप्त होगा। सिमडेगा की मित्तल आजीविका सखी मंडल, खूंटी के जयपुर ग्राम संगठन और रांची के गेतलसूद संकुल संगठन की महिलाओं को प्रशस्ती पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री लक्ष्मी लाडली योजना के तहत अनन्या कुमारी को 26 हजार रुपये का एनएससी दिया गया। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत बसंती कुमारी को 30 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें