फोटो गैलरी

Hindi Newsएयर एशिया की रांची-दिल्ली फ्लाइट ने दिया दगा, सैकड़ों यात्री परेशान

एयर एशिया की रांची-दिल्ली फ्लाइट ने दिया दगा, सैकड़ों यात्री परेशान

एयर एशिया की बदइंतजामी का खामियाजा बुधवार को सैकड़ों यात्रियों को भुगतना पड़ा। रांची-दिल्ली फ्लाइट को पहले रद कर दिया गया। फिर रात 11 बजे उक्त विमान रांची आया और आधी रात को यहां से दिल्ली के लिए उड़ा।...

एयर एशिया की रांची-दिल्ली फ्लाइट ने दिया दगा, सैकड़ों यात्री परेशान
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 18 May 2017 01:55 AM
ऐप पर पढ़ें

एयर एशिया की बदइंतजामी का खामियाजा बुधवार को सैकड़ों यात्रियों को भुगतना पड़ा। रांची-दिल्ली फ्लाइट को पहले रद कर दिया गया। फिर रात 11 बजे उक्त विमान रांची आया और आधी रात को यहां से दिल्ली के लिए उड़ा। शाम को कोलकाता से रांची आनेवाली और रात को रांची से कोलकाता जानेवाली उड़ान रद कर दी गई। इस बदइंतजामी के कारण रांची हवाई अड्डे पर सैकड़ों यात्री परेशान हुए। बिहार के सीएम नीतीश कुमार को दो घंटे तक वहां इंतजार करना पड़ा। यात्रियों के साथ कर्मियों की कहासुनी भी हुई।

शाम को कोलकाता में विमान के ग्राउंडेड होने के कारण रांची आनेवाली उड़ान रद कर दी गई। वह उड़ान रांची से दिल्ली जाती है। रांची में 165 यात्री दिल्ली जानेवाले थे। इनमें नीतीश कुमार भी थे। उड़ान रद होने के बाद करीब 40 यात्रियों ने रिफंड ले लिया, जबकि पांच के करीब यात्री दो घंटे बाद गो एयर से दिल्ली चले गए। कुछ यात्रियों ने अपनी यात्रा को रीशिड्यूल करा लिया।

रात को रांची-कोलकाता उड़ान रद होने के कारण यात्रियों ने हंगामा किया। बाद में उन्होंने रिफंड ले लिया। एयर एशिया की बदइंतजामी यहीं खत्म नहीं हुई। रात 11 बजे अचानक एक विमान दिल्ली से रांची पहुंचा और रात 12 बजे बचे यात्रियों को लेकर वापस दिल्ली चला गया।

यह सारी गड़बड़ी कोलकाता से शाम को उड़े विमान में आई तकनीकी खराबी के कारण हुई। रांची आ रहे उक्त विमान को कोलकाता में ग्राउंडेड कर दिया गया। तब रांची में एयर एशिया के अधिकारियों ने यात्रियों को भरोसा दिलाया कि देर रात उनके दिल्ली जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। इसके तहत दिल्ली से एक विमान रात को आया।

रिफंड के लिए देर तक होती रही किचकिच

रांची-कोलकाता सेवा रद होने के कारण करीब दो सौ यात्रियों को यात्रा रद करनी पड़ी। काउंटर पर देर रात तक रिफंड और रीशिड्यूल को लेकर किचकिच होती रही। कोलकाता जानेवाले रविन्द्र गुप्ता ने कहा कि उनकी एक अहम मीटिंग छूट गई। एयर एशिया का प्रबंधन खराब है। एक अन्य यात्री अनुपम ने कहा कि हम एक ग्रुप के साथ जरूरी काम से कोलकाता जानेवाले थे, लेकिन हमारी सारी प्लानिंग खराब हो गई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें