सचिवालय कर्मी करता था नक्सलियों और अपराधियों को हथियार सप्लाई, धराया
नक्सलियों और अपराधियों को हथियार और कारतूस की सप्लाई करने वाले गिरोह के तीन सदस्य रांची पुलिस की गिरफ्त में आ गए। गोंदा इंस्पेक्टर अनिल कुमार द्विवेदी और सुखदेवनगर के नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में...
नक्सलियों और अपराधियों को हथियार और कारतूस की सप्लाई करने वाले गिरोह के तीन सदस्य रांची पुलिस की गिरफ्त में आ गए। गोंदा इंस्पेक्टर अनिल कुमार द्विवेदी और सुखदेवनगर के नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में शनिवार को टीम ने छापेमारी कर रातू रोड दुर्गा मंदिर से तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों में बरियातू के अंतु चौक निवासी निरंजन सिंह और हिंदपीढ़ी निवासी फैय्याज अहमद उर्फ गोल्डन, हिंदपीढ़ी के बंशी चौक निवासी बबलू खान शामिल हैं। निरंजन सिंह सचिवालय में चालक है। पुलिस ने उनके पास से 40 राउंड कारतूस बरामद किया है। साथ ही उनकी निशानदेही पर हथियार भी बरामद किये गये। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को अहम जानकारी दी है। पुलिस की ओर से गिरोह के बाकि सदस्यों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।
500 रुपए में बेचते थे 140 की गोली
निरंजन ने पुलिस को बताया कि उसने छह वर्ष पूर्व सरकारी राइफल अपने नाम से ली थी। वह बंदूक दुकान से सरकारी मूल्य पर गोली लेकर अपराधियों को बेचता था। 140 रुपए की गोली 500 रुपए में बेचता था। अबतक पांच बार सरकारी गोली उठाकर आपराधिक संगठन और नक्सलियों को पहुंचा चुका है। वह अपराधिक संगठन को करीब 200 राउंड गोली बेच चुका है।
पिता जमादार और भाई है जवान
निरंजन सिंह सचिवालय में सरकारी चालक है। पूर्व में उसने कई आईएएस की गाड़ी चलाई है। उसके पिता जमादार के पद से सेवानिवृत है। वहीं भाई सीआरपीएफ में है। यह जानकारी पुलिस की पूछताछ में निरंजन ने दी।
राजधानी के आसपास बढ़ रही नक्सलियों की गतिविधियां
राजधानी में नक्सलियों की गतिविधियां बढ़ रही हैं। इसके पहले भी कई बार हार्डकोर नक्सली पहचान बदलकर रांची में रहते पकड़ में आए हैं। शुक्रवार को भी रांची पुलिस ने पीएलएफआई के दो उग्रवादियों गगनजीत सिंह और मरकुस आइंद को बिरसा चौक से गिरफ्तार किया था। उग्रवादी बिरसा चौक स्थित रिलायंस पेट्रोलपंप के पास से लेवी लेकर गुमला जा रहे थे। इन उग्रवादियों के पास से सात मोबाइल फोन, 13 सिम, पीएलएफआई के पांच पैड और 45 हजार रुपये नकदी बरामद किया गया था। वहीं, 25 अप्रैल को तमाड़ में उलीडीह परसी के बीच सड़क बना रही कंपनीसे माओवादियों ने 13 लाख की लेवी मांगी थी। तमाड़ पुलिस ने सीआरपीएफ के सहयोग से चिपिबाधडीह निवासी शिवशंकर महतो, श्यामचंद्र महतो, उमेश महतो और सौरभ महतो को गिरफ्तार किया था। इनके पास से पुलिस ने एके 47 की 80 गोलियां, एक देशी लोडेड कारबाइन, चार लोडेड पिस्टल, चार डेटोनेटर बरामद की थी।