फोटो गैलरी

Hindi Newsबिहार में जल संरक्षण का होगा व्यापक आकलन: सीएम नीतीश

बिहार में जल संरक्षण का होगा व्यापक आकलन: सीएम नीतीश

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के नेतृत्व में सिंचाई विभाग द्वारा जल संरक्षण के संबंध में व्यापक आकलन किया जाएगा। इसके बाद आने वाले दिनों में...

बिहार में जल संरक्षण का होगा व्यापक आकलन: सीएम नीतीश
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 20 Feb 2017 12:59 PM
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के नेतृत्व में सिंचाई विभाग द्वारा जल संरक्षण के संबंध में व्यापक आकलन किया जाएगा। इसके बाद आने वाले दिनों में पंजाब के सुल्तानपुर लोधी के बाबा सीचेवाल की गाइडलाइन में कम खर्चीली व सुलभ जल संरक्षण प्रणाली पर कार्य आरंभ होगा। मुख्यमंत्री पंजाब के सुल्तानपुर लोधी रेलवे स्टेशन पर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि पटना तथा इसके ज्यादातर देहात गंगा के तटों पर स्थित हैं। केंद्र सरकार की ओर से इनको स्वच्छ करने के कार्य को पर्यावरणविद् संत बलबीर सिंह सीचेवाल को सौंपे जाने पर उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने गुरु नानक मल्टीमीडिया म्यूजियम में वरिष्ठ लेखक आसा सिंह घुम्मण की पुस्तक ‘दास्तान ए दस्तार’ का विमोचन भी किया।

संत सीचेवाल ने मुख्यमंत्री को पटना साहिब में गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव पर बिहार सरकार द्वारा किए गए सराहनीय प्रबंधों के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा बेर साहिब में मत्था भी टेका। वहां उन्हें पूर्व वित्त मंत्री डॉ. उपेंद्रजीत कौर के नेतृत्व में एसजीपीसी सदस्य गुरप्रीत कौर रूही, भजन कौर डोगरावाल, जरनैल सिंह डोगरावाल और सरवन सिंह कुलार आदि ने सिरोपे से नवाज कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री के साथ जल संसाधन मंत्री रजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, पूर्व मुख्य सचिव जीएस कंग, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, नगर विकास के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद, सीएम के सचिव अतीश चंद्रा, रेजिडेंस कमिश्नर विपिन कुमार आदि उपस्थिति थे। 

मुख्यमंत्री ने अमृतसर स्थिति स्वर्ण मंदिर में भी मत्था टेका। उन्होंने कहा कि मुझे यहां आकर अच्छा लगता है। जब भी मौका मिलेगा मैं यहां आऊंगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने उन्होंने सम्मानित भी किया। 

पंजाब दौरा
-सीएम ने पंजाब के सुल्तानपुर लोधी में ट्रीटमेंट प्लांट का किया भ्रमण 
-पर्यावरणविद् संत सीचेवाल ने मुख्यमंत्री को किया सम्मानित

बच्चों से भी मिले
बिहारी परिवारों के बच्चों को संत सींचेवाल द्वारा नि:शुल्क शिक्षित किए जाने के कार्य को भी मुख्यमंत्री ने देखा और खुशी जाहिर की। बच्चों से भी मिले।

मुख्यमंत्री का लोक संवाद कार्यक्रम आज
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को लोक संवाद कार्यक्रम में लोगों के सुझाव सुनेंगे। महीने का तीसरा सोमवार होने के कारण शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास आदि से जुड़े विषयों पर वे लोगों का सुझाव सुनेंगे। अच्छे सुझावों पर राज्य सरकार अमल भी करेगी। मुख्यमंत्री सचिवालय के संवाद में कार्यक्रम में भाग लेने के लिए चयनित लोगों को बुलाया गया है। इस मौके पर संबंधित विभागों के मंत्री और आलाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री दिल्ली और पंजाब की दो दिवसीय यात्रा के बाद रविवार की रात पटना लौट आये।  

फरक्का बराज का संचालन रोके केंद्र
बिहार सरकार ने बंगाल स्थित फरक्का बराज को बिहार में आने वाली बाढ़ के लिए जिम्मेदार माना है। सरकार ने केंद्र से कहा कि वह गंगा में जमी गाद को निकालने के लिए बराज का संचालन रोके। यह सिफारिश करते हुए कहा कि बांध भारी बाढ़ की वजह है। यह नदी में खतरनाक स्तर तक बढ़ी गाद के लिए जिम्मेदार है। सूत्रों ने बताया नीतीश सरकार ने यह मांग पिछले साल गंगा से गाद निकालने के दिशा-निर्देश पर काम करने के लिए केंद्र द्वारा गठित समिति के विशेषज्ञों के समक्ष रखी है। राज्य सरकार ने पैनल से सिफारिश की है कि वह समस्या से निपटने को राष्ट्रीय गाद नीति लेकर आए।  बराज का संचालन रोके जाने से नदी से गाद निकालने में मदद मिलेगी।  गौरतलब है कि बिहार में पिछले साल गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ आई थी। इससे 20 लोग मारे गए व 20 लाख  प्रभावित हुए। फरक्का बराज की 60 के दशक में शुरुआत हुई थी। इसका मकसद कोलकाता पत्तन से जमने वाली तलछट को निकालने में मदद करने व  बंगाल में पेयजल की जरूरत को पूरा करने था। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें