फोटो गैलरी

Hindi Newsराज्य में चार माह में सात फीट नीचे खिसका भूजल स्तर

राज्य में चार माह में सात फीट नीचे खिसका भूजल स्तर

गर्मी शुरू होने के साथ ही बिहार में भूगर्भ जल का स्तर नीचे भागने लगा है। दिसंबर 2016 के मुकाबले मार्च 2017 में राज्य के कुछ जिलों में भूजल का स्तर सात फीट तक नीचे चला गया है। भूगर्भ जल के नीचे जाने...

राज्य में चार माह में सात फीट नीचे खिसका भूजल स्तर
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 28 Apr 2017 06:44 PM
ऐप पर पढ़ें

गर्मी शुरू होने के साथ ही बिहार में भूगर्भ जल का स्तर नीचे भागने लगा है। दिसंबर 2016 के मुकाबले मार्च 2017 में राज्य के कुछ जिलों में भूजल का स्तर सात फीट तक नीचे चला गया है। भूगर्भ जल के नीचे जाने के बाद भी राहत की बात यह है कि इस साल मार्च में मार्च 2015 और 2016 के मुकाबले भूजल का स्तर ऊंचा है।

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) ने मार्च में राज्य के सभी प्रखंडों से पांच-पांच चापाकलों की भूजल स्तर की साप्ताहिक जांच कराई। इस जांच रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि पटना पश्चिम का भूजल स्तर जो दिसंबर 2016 में 20.6 फीट था वह सात फीट नीचे चला गया है। यहां का जलस्तर मार्च 2017 में 28.0 फीट पर पहुंच गया। बिहारशरीफ, नवादा, बेगूसराय, समस्तीपुर, बक्सर, जहानाबाद जिले में भी भूजल स्तर चार माह में पांच से सात फीट तक नीचे गया है। शेष जिलों में इन चार महीनों में भूजल का स्तर एक से दो फीट तक नीचे गया है। भागलपुर पश्चिम में इसके विपरीत रिपोर्ट है। यहां पर दिसंबर 2016 में भूजल स्तर 24.7 फीट था जो मार्च 2017 में ऊपर चढ़कर 20.5 फीट पर आ गया है।

पीएचईडी की इस रिपोर्ट के मुताबिक मार्च 2015 और 2016 के मुकाबले मार्च 2017 में राज्य के सभी जिलों में भूजल स्तर बेहतर है। पिछले दो वर्षों के मुकाबले भूजल स्तर एक से तीन फीट तक ऊपर पाया गया है। विभागीय पदाधिकारियों का कहना है कि गर्मी अब अपना रूप दिखा रही है। मई और जून में भूजल स्तर तेजी से नीचे भागता है। आने वाले दिनों में पीने के पानी के लिए होने वाली दिक्कतों को देखते हुए सभी जिलों में हैंडपंपों की मरम्मत के लिए मोबाइल यूनिट सक्रिय किए गए हैं। आपात स्थिति में टैंकर भेजे जाएंगे।

जिला दिसंबर 2016 मार्च 2017

पटना पश्चिम 20.6 28.0

बिहारशरीफ 21.11 28.0

नवादा 19.0 25.0

बेगूसराय 14.2 20.2

समस्तीपुर 23.0 28.8

बक्सर 19.4 25.6

जहानाबाद 16.5 21.6

(जलस्तर फीट में)

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें