फोटो गैलरी

Hindi Newsपैसा हड़प कर लालू ने बनायी बेनामी सम्पत्ति: नित्यानंद

पैसा हड़प कर लालू ने बनायी बेनामी सम्पत्ति: नित्यानंद

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय ने लालू प्रसाद के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि किसकी लंका जल रही है यह पूरे देश की जनता देख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि घपला-घोटालों और गरीब पशुपालकों की...

पैसा हड़प कर लालू  ने बनायी बेनामी सम्पत्ति: नित्यानंद
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 20 May 2017 07:22 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय ने लालू प्रसाद के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि किसकी लंका जल रही है यह पूरे देश की जनता देख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि घपला-घोटालों और गरीब पशुपालकों की हकमारी कर उनका पैसा गड़प कर जाने वाले नेता लालू प्रसाद के मुंह पर गरीबों के मसीहा नरेन्द्र मोदी का नाम तक आना शोभा नहीं देता ।

श्री राय ने कहा कि भाजपा विश्व की सर्वाधिक सदस्यों वाली जीवंत पार्टी है। झूठ और फरेब के बल पर हौसला डिगाने वाले लालू प्रसाद को उत्तर प्रदेश की जनता ने सबक सिखाया, इसलिए वे 2019 के चुनाव को लेकर ज्यादा आत्ममुग्ध न हों। पहले महागठबंधन रूपी अपना घर देखें। कहा कि सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की लालू प्रसाद से बढ़ी दूरी राजनीति की एक नयी कहानी गढ़ रही है।

भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बसपा के साथ दोस्ती का हाथ भ्रष्टाचारियों के साथ मिलकर कदम ताल करने के बराबर है। कहा कि जिस ममता बनर्जी के हाथ पश्चिम बंगाल के भाजपा कार्यकर्ताओं के खून से रंगे हैं उनके साथ मिलकर लालू प्रसाद बिहार में कौन सा पराक्रम दिखाना चाहते हैं।

श्री राय ने कहा कि लालू जी पहले अपनी बेनामी सम्पत्तियों का ब्योरा देश की जनता के समक्ष पेश करें। आरोप लगाया कि गरीबों का पैसा लूट कर शहंशाह बने लालू प्रसाद गरीबों के नेता कतई नहीं हैं और चुनौती भरा लब्ज उनका ही उपहास करता है। उनकी बातों को जनता गंभीरता से लेती तक नहीं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें