फोटो गैलरी

Hindi Newsश्री हरिमंदिर साहिब में मत्था टेकेंगे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह

श्री हरिमंदिर साहिब में मत्था टेकेंगे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय और पार्टी के वरिष्ठ नेता नंदकिशोर यादव ने रविवार को अलग-बयान जारी कर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के 10 जनवरी को पटना आगमन के कार्यक्रम का ब्योरा दिया।...

श्री हरिमंदिर साहिब में मत्था टेकेंगे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 09 Jan 2017 09:15 AM
ऐप पर पढ़ें

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय और पार्टी के वरिष्ठ नेता नंदकिशोर यादव ने रविवार को अलग-बयान जारी कर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के 10 जनवरी को पटना आगमन के कार्यक्रम का ब्योरा दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर बैठकें भी हुईं।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि भाजपा इस वर्ष को पंडित दीनदयाल उपाध्याय शताब्दी वर्ष के रूप में मना रही है। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष 10 जनवरी की सुबह दस बजे एकदिवसीय दौरे पर पटना पहुंचेंगे। शाह पटना हवाई अड्डा पहुंचने के बाद सीधे तख्तश्री हरिमंदिर साहिब जाकर मत्था टेकेंगे। उसके बाद वे पार्टी के प्रदेश कार्यालय जायेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष दोपहर 2 बजे श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में एकात्म मानवदर्शन अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान एवं चिति (प्रज्ञा प्रवाह की इकाई) के तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय संपूर्ण वाङ्मय का विधिवत लोकार्पण करेंगे।

उधर, वरिष्ठ भाजपा नेता नंदकिशोर यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के पटना आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ता उत्साह में हैं। स्वागत की जोरदार तैयारी कर रहे हैं। पटना साहिब के खाजेकलां सामुदायिक भवन में रविवार को यादव की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक हुई। उन्होंने कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। यादव ने गुरु गोविंद सिंह जी के 350वें प्रकाशोत्सव को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और सेवा समागम के स्वयंसेवकों को धन्यवाद भी दिया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें