फोटो गैलरी

Hindi Newsराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण जीतने पर आलिया को एक लाख का इनाम

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण जीतने पर आलिया को एक लाख का इनाम

शहर की जलपरी आलिया सिंह के तैराकी में बेहतरीन प्रदर्शन पर प्रदेश सरकार ने एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी है। बुधवार को जिलाधिकारी बीएन सिंह ने चेक देकर आालिया को सम्मानित किया। शहर की इस जलपरी ने...

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण जीतने पर आलिया को एक लाख का इनाम
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 18 May 2017 12:28 PM
ऐप पर पढ़ें

शहर की जलपरी आलिया सिंह के तैराकी में बेहतरीन प्रदर्शन पर प्रदेश सरकार ने एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी है। बुधवार को जिलाधिकारी बीएन सिंह ने चेक देकर आालिया को सम्मानित किया। शहर की इस जलपरी ने जुलाई 2016 में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर तैराकी प्रतियोगिता में नए रिकॉर्ड के साथ दो स्वर्ण पदक झटके थे। इस प्रतियोगिता में उन्होंने एक रजत भी जीता था।

आलिया ने राष्ट्रीय जूनियर तैराकी प्रतियोगिता के 50 और 100 मीटर ब्रैस्ट स्ट्रोक स्पर्धा में नए रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक झटका था। इसी प्रतियोगिता की 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले में रजत जीता था, लेकिन इसकी राशि अभी आलिया सिंह को नहीं मिली है। राष्ट्रीय जूनियर प्रतियोगिता में एक स्वर्ण जीतने पर 50-50 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में निर्धारित है। वहीं श्रीलंका में अक्तूबर 2016 में आयोजित हुई सैफ जूनियर तैराकी प्रतियोगिता में शहर की इस जलपरी ने दो व्यक्तिगत स्वर्ण के साथ छह पदक जीते थे। इसमें तीन टीम स्पर्धा के स्वर्ण और एक रजत शामिल था। आलिया ने जूनियर राष्ट्रमंडल तैराकी में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए भी ट्रायल दिया है, जल्द ही चयनित खिलाडि़यों की सूची आनेवाली है। इस प्रतियोगिता में भी वह देश का प्रतिनिधित्व कर सकती हैं।

आलिया सिंह के पिता शैलेंद्र सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों के प्रोत्साहन से वह बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। इसके लिए हम प्रदेश सरकार का शुक्रगुजार हैं, लेकिन कड़ी मेहनत के बल पर इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल होती है। ऐसे में प्रोत्साहन राशि बढ़ाई जानी चाहिए, जिससे खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश और प्रदेश का मान बढ़ाए।

आलिया ने राष्ट्रीय के साथ अंतरराष्ट्रीय पदक भी झटके

सेक्टर-37 निवासी आलिया सिंह ने सीबीएसई, स्कूल खेल, जूनियर तैराकी में पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। वहीं उन्होंने सैफ जूनियर तैराकी प्रतियोगिता में दो व्यक्तिगत स्वर्ण जीतकर स्वर्णिम सफलता हासिल की। उनके बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी पदक जीतने की उम्मीद की जा रही है। इस बार वह राज्य जूनियर तैराकी प्रतियोगिता में भाग नहीं ले रही हैं। ऐसे में मेरठ मंडल को ब्रेस्ट स्ट्रोक स्पर्धाओं में पदक जीतने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी, क्योंकि इन स्पर्धाओं में आलिया के पांच स्वर्ण पदक पक्के माने जाते हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें