फोटो गैलरी

Hindi Newsसोमनाथ भारती को संरक्षण देने वालों के घर दबिश

सोमनाथ भारती को संरक्षण देने वालों के घर दबिश

आप विधायक और दिल्ली सरकार के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती को पुलिस कस्टडी में शुक्रवार को आगरा लाया गया। फरारी के दौरान संरक्षण देने वालों के घर दिल्ली पुलिस ने दबिश दी। पुलिस के पहुंचने से पहले...

सोमनाथ भारती को संरक्षण देने वालों के घर दबिश
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 02 Oct 2015 10:40 PM
ऐप पर पढ़ें

आप विधायक और दिल्ली सरकार के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती को पुलिस कस्टडी में शुक्रवार को आगरा लाया गया। फरारी के दौरान संरक्षण देने वालों के घर दिल्ली पुलिस ने दबिश दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही संरक्षण देने वाले गायब हो चुके थे। घरों पर सिर्फ महिलाएं मिलीं।

एक घर में पुलिस को महिला ने खूब खरी खोटी सुनाई। दिल्ली पुलिस का कहना है कि संरक्षण देने वालों को वांछितों की सूची में शामिल किया जा रहा है। सोमनाथ भारती की पत्नी  लिपिका मित्रा ने दिल्ली के द्वारिकापुरी थाने में घरेलू हिंसा और हत्या के प्रयास की धारा के तहत मुकदमा लिखाया है।

इसी मुकदमे में गिरफ्तारी से बचने के लिए सोमनाथ भारती ने आगरा में फरारी काटी थी। इस दौरान वे पार्टी से जुड़े नेताओं के घर रुके थे। उनके मोबाइल से फोन किए थे। तलाश में जुटी दिल्ली पुलिस ने पूर्व में भी आगरा में दबिश दी थी। सोमनाथ भारती ने नाटकीय अंदाज में थाने में ही समर्पण किया था। उन्हें दिल्ली पुलिस ने कस्टडी रिमांड पर लिया है।

शुक्रवार को दिल्ली पुलिस की चार गाडि़यां सोमनाथ भारती को आगरा लेकर आईं। टीम का नेतृत्व एसीपी एसके मीना कर रहे थे। सोमनाथ भारती इनोवा गाड़ी में सवार थे। हॉफ शर्ट और ब्लू जींस पहन रखी थी। हाथ में भगत सिंह की किताब पकड़े हुए थे। कैमरा सामने आते ही वह किताब को ऊपर उठा दिया करते थे।

पुलिस टीम सबसे पहले अछनेरा थाने पहुंची। वहां आमद कराने के बाद आवास विकास कालोनी के सेक्टर एक में पूर्व पार्षद कपिल वाजपेयी के घर दबिश दी। घर पर उनकी मां मंजू वाजपेयी मौजूद थीं। उन्होंने दिल्ली पुलिस को खूब खरी खोटी सुनाई। पुलिस टीम ने घर का चप्पा-चप्पा खंगाला। यह पूछा कि सोमनाथ भारती ने उनके घर पर क्या सामान छिपाया था। कपिल वाजपेयी कहां है। उसके मोबाइल नंबर क्या हैं। कुछ भी बरामद नहीं होने पर पुलिस टीम अछनेरा थाने पहुंची। यहां भी पहले आमद कराई। उसके बाद गांव रसूलपुर में प्रधानपति दिनेश इंदौलिया के घर दबिश दी। वह भी घर पर मौजूद नहीं था।

देर शाम पुलिस टीम दिल्ली वापसी की कहकर रवाना हो गई। चर्चा यह भी थी कि टीम मथुरा जा सकती है, लेकिन आगरा में असफलता हाथ लगने के बाद दिल्ली पुलिस ने अपनी रणनीति को गोपनीय रखा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें