फोटो गैलरी

Hindi Newsचार घंटे तक शहर के छह रास्तों पर लगा रहा जाम

चार घंटे तक शहर के छह रास्तों पर लगा रहा जाम

कालिंदी, डीएनडी और चिल्ला बार्डर पर दिल्ली पुलिस के वाहनों की जांच करने, प्रवेश बंद होने से भारी वाहनों के सड़कों पर खड़े होने व अंडरपास के काम के लिए हो रखे डायवर्जन के कारण शहर के छह रास्तों पर...

चार घंटे तक शहर के छह रास्तों पर लगा रहा जाम
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 23 Jan 2017 11:31 PM
ऐप पर पढ़ें

कालिंदी, डीएनडी और चिल्ला बार्डर पर दिल्ली पुलिस के वाहनों की जांच करने, प्रवेश बंद होने से भारी वाहनों के सड़कों पर खड़े होने व अंडरपास के काम के लिए हो रखे डायवर्जन के कारण शहर के छह रास्तों पर सोमवार सुबह आठ बजे से चार घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे।

जाम लगने से एमिटी विश्वविद्यालय सहित करीब एक दर्जन स्कूल-कॉलेज के बच्चे देरी से पहुंचे। जिन रास्तों पर जाम की समस्या रही उनमें सेक्टर-38ए शशि चौक गोलचक्कर से कालिंदी कुंज, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे, दिल्ली के मयूर विहार से महामाया फ्लाईओवर, सेक्टर-16 चौराहे से डीएनडी, सेक्टर-1 गोलचक्कर से सेक्टर-37 चौराहा व सेक्टर-14 से सेक्टर-1 गोलचक्कर का रास्ता शामिल है।

26 जनवरी के लिए सोमवार को दिल्ली पुलिस ने फुल ड्रेस रिहर्सल किया। इस कारण रविवार रात से ही दिल्ली में भारी वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया था जो सोमवार दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे तक रहा। प्रवेश बंद होने से कालिंदी, एक्सप्रेस वे, डीएनडी और नोएडा प्रवेश द्वार रास्ते पर भारी वाहन सड़क ही खड़े हो गए।

इन वाहनों ने दो से तीन लेन घेर ली। इस कारण हल्के वाहन चालकों को निकलने के लिए कम जगह ही मिल पाई। इन रास्तों पर जाम लगने के कारण शहर के अंदरुनी हिस्सों में भी जाम लगा रहा। भारी वाहनों के दिल्ली में जाने शुरू होने के बाद दोपहर करीब 12 बजे यातायात सामान्य होना शुरू हुआ। स्कूल-कॉलेजों के अलावा कंपनियों में भी काफी लोग देरी से कंपनी पहुंचे।

डीएनडी लूप पर बस खराब होने से भी जाम
फिल्म सिटी रास्ते की ओर से जाते समय डीएनडी पर चढ़ने वाले लूप पर ही सुबह के समय एक बस खराब हो गई। इस वजह से भी कुछ देर के लिए डीएनडी की ओर जाने वाले वाहनों को मयूर विहार लिंक से डीएनडी की ओर भेजा गया।

एमिटी की ओर जाने वालों के लिए रास्ता बदला
अक्षरधाम दिल्ली की ओर से सुबह के समय काफी वाहन सवार लोग महामाया फ्लाईओवर पर चढ़कर लूप से उतर सेक्टर-125-126 स्थित एमिटी विश्विद्यालय, एचसीएल कंपनी सहित अन्य ऑफिस की ओर जाते हैं। महामाया फ्लाईओवर पूरी तरह भर जाने के कारण पुलिस ने उद्घोषणा के जरिए वाहनों को सीधे एक्सप्रेस वे पर ग्रेटर नोएडा की ओर भेजे हाजीपुर अंडरपास से गंतव्य को भिजवाया।

नोएडा पुलिस के लगाने पर दिल्ली पुलिस ने हटाई बेरीकेडिंग
जाम की मुख्य वजह कालिंदी कुंज रास्ते पर दिल्ली पुलिस द्वारा बेरीकेडिंग कर वाहनों की जांच करना भी रहा। कहने के बावजूद नहीं हटाने पर नोएडा पुलिस ने भी अपने क्षेत्र में बेरीकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरू कर दी है। इससे दिल्ली क्षेत्र में भी लंबा जाम लग गया। अपने क्षेत्र में लंबा जाम देख दिल्ली पुलिस ने बेरीकेडिंग हटाई। इसके बाद भी नोएडा पुलिस ने बेरीकेडिंग हटा ली। 

एक किलोमीटर का सफर एक घंटे में हुआ पूरा 
लंबे जाम के कारण वाहनों के पहिये काफी धीमी गति से आगे बढ़ रहे थे। वाहन चालक गुड्डू  ने बताया कि सुबह करीब पौने दस बजे सेक्टर-14ए से डीएनडी कट तक एक किलोमीटर रास्ते तक पहुंचने में ही उसे करीब एक घंटा लग गया।

सोशल मीडिया पर भी लोगों ने जताई नाराजगी
अतुल्य नेहरा ने टि्वटर पर जाम के लिए नोएडा प्राधिकरण की खराब योजना पर नाराजगी जताई। गुनीत नरुला ने भी नाराजगी जताते हुए अन्य लोगों की सुविधा के लिए जाम वाले रास्तों का मैप जारी किया।

डेढ़ लाख से ज्यादा वाहन चालक जाम में फंसे
शहर के छह रास्तों पर चार घंटे के दौरान डेढ़ लाख से ज्यादा वाहन चालक जाम में फंसे। यातायात पुलिस अधिकारियों की मानें तो जाम के चार घंटे के दौरान संबंधित रास्तों पर इतने वाहन सड़कों पर रहते हैं।


प्रशासन भी आया हरकत में
जाम लगने पर जिले के जिलाधिकारी, एसएसपी, एसपी यातायात भी हरकत में आए। इन अधिकारियों की तरफ से दिल्ली के अधिकारियों से संपर्क साधा गया। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ।
 

25 जनवरी की रात से भी प्रवेश बंद
25 जनवरी की रात से भी दिल्ली में भारी वाहनों का प्रवेश बंद हो जाएगा जो 26 जनवरी की दोपहर तक रहेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि 26 को छुट्टी होने के कारण वाहनों का दबाव काफी कम रहता है।

ट्रांसपोर्ट नगर योजना अधर में, दूसरी जगह विकल्प नहीं ढूंढा
भारी वाहनों को एक साथ खड़ा करने के लिए सेक्टर-69 ट्रांसपोर्ट नगर योजना अभी तक अधर में लटकी हुई है। शहर में कोई स्थान नहीं है। 23 व 26 जनवरी को हर साल दिल्ली में भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहता है। इसके बावजूद एक्सप्रेस वे रास्ते पर इन वाहनों को खड़ा करने के लिए संबंधित विभागों ने अस्थाई स्थान नहीं ढूंढा।

वाहनों की स्थिति-यातायात पुलिस का अनुमानित आंकडा
-1 लाख 75 हजार -डीएनडी
-1 लाख 50 हजार-कालिंदी कुंज
-1 लाख 75 हजार-नोएडा प्रवेश द्वार
-2 लाख-एनएच-24

आईटीबीपी के साथ दिल्ली पुलिस के जांच करने से असली समस्या हुआ। जाम लगने पर तुरंत वहां के अधिकारियों से संपर्क कर जाम खुलवाया गया। जाम से बचाने के लिए पर्याप्त मात्रा में जगह-जगह पुलिसकर्मी थे।- प्रबल प्रताप सिंह, एसपी यातायात

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें