फोटो गैलरी

Hindi Newsसीएसआर फंड से होगा शहर का विकास

सीएसआर फंड से होगा शहर का विकास

नगर निगम अब शहर के विकास के लिए विभिन्न बड़ी औद्योगिक कंपनी के सीएसआर (कारपोरेट सोशल रेपॉंसबिलिटी) फंड से शहर का विकास कराएगी। इसके लिए निगम अधिकारियों ने कंपनियों को पत्र लिखकर उनके काम कराने की...

सीएसआर फंड से होगा शहर का विकास
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 18 Jan 2017 09:47 PM
ऐप पर पढ़ें

नगर निगम अब शहर के विकास के लिए विभिन्न बड़ी औद्योगिक कंपनी के सीएसआर (कारपोरेट सोशल रेपॉंसबिलिटी) फंड से शहर का विकास कराएगी। इसके लिए निगम अधिकारियों ने कंपनियों को पत्र लिखकर उनके काम कराने की जानकारी मांगी है। कई कंपनियों ने निगम के इस फंड से काम कराने का आश्वासन भी दिया है।

शहर में कई बड़े उद्योग संचालित हो रहे हैं। यह सभी उद्योग अपना सीएसआर फंड जारी करते हैं। इस फंड को ये कंपनियां सामाजिक कार्य में खर्च करती हैं। कई कंपनियों ने नगर निगम को अपने इस फंड से कार्य कराने की इजाजत मांगी है। इतना ही नहीं इन कंपनियों ने निगम के अधिकारियों से सामाजिक क्षेत्र में साफ सफाई, पानी, पार्क आदि का विकास कराने की इच्छा जाहिर की है। साहिबाबाद की एक कंपनी ने तो एक सरकारी स्कूल की बिल्डिंग को नए सिरे से बनाया है। अब कंपनी उस स्कूल में बच्चों को शुद्ध पीने का पानी के लिए आरओ भी लगा रही है। इसके साथ ही कंपनी ने शहर में चार स्थानों पर कवर्ड कूडाघर बनाने का भी प्रस्ताव रखा है। कंपनियों के इस रुझान से निगम के अधिकारी गद-गद हैं।
 
इसके बाद अब अधिकारियों ने शहर में जोनवार विभिन्न बड़ी कंपनियों के नाम एक पत्र लिखा है। जिसमें कंपनियों से मांग की गई है कि उनके यहां जारी सीएसआर फंड से वह जनता की सुविधा के लिए कौन-कौन से काम करा सकते हैं इसकी जानकारी निगम को उपलब्ध कराए। नगर निगम उनके साथ मिलकर शहर के विकास का विकास करेगा। निगम के उपनगर आयुक्त एके गुप्त का कहना है कि पत्र लिखकर कंपनियों से इसकी जानकारी मांगी है। जो कंपनी जितना पैसा खर्च करने की इच्छुक होगी उसी अनुसार इसको खर्च कराया जाएगा। इन कंपनियों से शहर में कूड़ाघर, पानी की व्यवस्था, स्कूलों का जीर्णोद्धार, पार्कों का जीर्णोद्धार, ग्रीन बेल्ट का रखरखाव आदि कार्य करने में मदद ली जाएगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें