फोटो गैलरी

Hindi Newsलूट ओर डकैती से थर्राया ग्रेटर नोएडा

लूट ओर डकैती से थर्राया ग्रेटर नोएडा

जेवर कस्बे में बदमाशों ने मंगलवार की रात डकैती को अंजाम दिया। बुधवार की सुबह 14 लाख की लूट की है। बीती रात एक किसान के पूरे परिवार को बंधक बना लिया। डकैत घर से सारा सामान समेटकर ले गए। वहीं, बुधवार...

लूट ओर डकैती से थर्राया ग्रेटर नोएडा
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 25 May 2016 01:36 PM
ऐप पर पढ़ें

जेवर कस्बे में बदमाशों ने मंगलवार की रात डकैती को अंजाम दिया। बुधवार की सुबह 14 लाख की लूट की है। बीती रात एक किसान के पूरे परिवार को बंधक बना लिया। डकैत घर से सारा सामान समेटकर ले गए। वहीं, बुधवार की सुबह जिला मुख्यालय जा रहे स्टांप वेंडर को हथियारों के बल पर लूट लिया।

स्टांप वेंडर योगेश तालान ग्रेटर नोएडा के संपित्त रजिस्ट्रार कार्यालय में कार्यरत हैं। बुधवार की सुबह योगेश तालान घर से कार्यालय जा रहे थे। कस्बे के बाहर उन्हें लुटेरों ने निशाना बनाया है। बाइक सवार चार बदमाशों ने पिस्टल की  नोंक पर उससे 14 लाख रुपए की लूट की है। लोगों ने स्टांप वेंडर को बचाने का प्रयास किया तो लुटेरों ने अंधाधुंध गोलीबारी की। लोगों को जान बचाने के लिए भागना पड़ा। पुलिस योगेश तालान को लेकर घटनास्थल पर पहुंची। लुटेरों के बारे में जानकारी ली है। दूसरी ओर वकील और स्टांप वेडरों की भीड़ कोतवाली पहुंच गई। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। लुटेरों को पकड़ने की मांग कर रहे लोगों को पुलिस ने आश्वासन दिया है।

किसान के परिवार को बंधक बनाकर घर में डकैती, तीन डकैत पकड़े गए जेवर कस्बे के रनहैरा गांव में मंगलवार की देर रात करीब एक दर्जन बदमाश धर्मवीर सिंह के घर में घुस गए। धर्मवीर सिंह और उसके बेटे लाखन सिंह को बंधक बना लिया। दोनों को बुरी तरह पीटा। 1.40 लाख रुपए की नकदी, दो सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी कानों की झुमकियां और पायजेब ले गए हैं। किसान ने डकैतों में से एक को पहचान लिया तो उसे मारने के लिए फायरिंग की।

गोलीबारी की आवाज सुनकर ग्रामीण जाग गए और घर से भाग रहे बदमाशों में से तीन को पकड़ लिया। बाकी फरार हो गए हैं। जेवर कोतवाली में शिकायत दी गई है। ग्रामीणों ने बुधवार की सुबह कोतवाली का घेराव किया। जमकर हंगामा काटा।

एसपी देहात अभिषेक यादव का कहना है कि दोनों मामलों में शिकायतें मिल गई हैं। एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। लुटेरों को जल्दी पकड़ लिया जाएगा। किसान के घर में हुई वारदात के दौरान पकड़े गए आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें