फोटो गैलरी

Hindi Newsबीजेपी विधायक ओ. पी. शर्मा दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र से निष्कासित

बीजेपी विधायक ओ. पी. शर्मा दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र से निष्कासित

भाजपा विधायक ओ.पी. शर्मा को गुरुवार को शीतकालीन सत्र के लिए निष्कासित कर दिया गया। विधायक की टिप्पणी के विरोध में महिला विधायक गुरुवार को पूरी तैयारी से विधानसभा में पहुंची थी। विधानसभा की...

बीजेपी विधायक ओ. पी. शर्मा दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र से निष्कासित
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 26 Nov 2015 08:49 PM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा विधायक ओ.पी. शर्मा को गुरुवार को शीतकालीन सत्र के लिए निष्कासित कर दिया गया। विधायक की टिप्पणी के विरोध में महिला विधायक गुरुवार को पूरी तैयारी से विधानसभा में पहुंची थी।

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पूर्व सभी महिला विधायक अध्यक्ष कार्यालय के बाहर महात्मा गांधी की मूर्ति के पास धरने पर बैठी। बाद में सदन में भी सीधे वेल में जाकर बैठी।

भाजपा विधायकों ने भी आप विधायकों के इस रवैये के विरोध में सदन की शुरुआत में ही सदन का बहिष्कार कर दिया था और वे गांधी जी की मूर्ति के पास धरने पर बैठ गए।

सदन के भीतर सदन विधायक ओ.पी. शर्मा को जेल भेजने की मांग पर अड़ा रहा। विधानसभा पहले ही भाजपा विधायक ओ.पी. शर्मा को सदन से शीतकालीन सत्र से निष्कासित करने का फैसला ले चुकी थी।

विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने कहा कि यह मामला पहले ही आचरण समिति को भेजा चुका है। इसलिए सभी महिलाएं अध्यक्ष के आसन के पास बैठे। इसके बाद महिला विधायक अध्यक्ष के सामने आ गई और ओ.पी. शर्मा को जेल भेजने के लिए नारेबाजी शुरू कर दी।

इस मामले में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता भी नियम-66 में विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लेकर आए थे। अध्यक्ष ने कहा कि प्रस्ताव में मारपीट का आरोप लगाया है, ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।

हालांकि इस प्रस्ताव को निरस्त कर दिया गया। इस आदेश के बाद भाजपा के तीनों विधायकों ने सदन का बहिष्कार कर दिया।

मामले में अध्यक्ष ने कहा, 'उप मुख्यमंत्री ने कहा था कि भाजपा विधायक सदन में आकर खुद माफी मांगे लेकिन विपक्ष ने नोटिस से 'उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली' स्थिति पैदा कर दी।'
 
क्या बोले उप मुख्यमंत्री
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह मामला आचरण समिति को भेजा सकता है। लोग हमसे उम्मीद करते हैं और आम जनता के काम होने चाहिए। दो दिन से मैं भी इंतजार कर रहा हूं। कई महत्वपूर्ण विधेयक इंतजार में है। सदस्यों से अपील है कि वे सीट पर आए। जो भी आचरण समिति फैसला लेगी उसे माना जाएगा।

दो बार स्थगित हुई विधानसभा, नहीं हुआ प्रश्नकाल

हंगामे की वजह से विधानसभा अध्यक्ष ने पहले सदन को 15 मिनट के लिए स्थगित किया था। इस समय सीमा के बाद जैसे ही 3.30 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई। उस वक्त आप पार्टी की महिला विधायक फिर से वेल में आ गई और अध्यक्ष के आसन के सामने नारेबाजी करने लगी। अध्यक्ष विधायकों से सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील करते रहे, लेकिन हंगामा जारी रहा। 

घर जाकर बच्चे पूछेंगे तो क्या जवाब देंगे : मंत्री

दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने विधानसभा में प्रस्ताव रखते हुए कहा, 'दिल्ली और पूरा देश देख रहा है कि सदन क्या निर्णय लेता है। मेरी भी 4 साल की बेटी है। घर जाकर बच्चे सवाल पूछेंगे तो हम क्या जवाब देंगे। ऐसी स्थिति में कोई औरत अपने घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं करेगी। सदन की आचरण समिति को यह मामला दे रहे हैं। यह समिति आगामी सत्र की पहली बैठक से पहले अपनी रिपोर्ट पेश करेगी।'

इसके बाद विधानसभा ने मामले को आचरण समिति के पास भेजने का प्रस्ताव पारित किया, जिसे सदन ने सर्व सम्मति से पारित कर दिया।

'नांरगी रंग में रंगवा दो पर महिलाओं को अधिकार दो'
आप विधायक अलका लांबा ने कहा कि महिलाओं के प्रति पूरा देश चिंतित है। इसे नांरगी रंग से सजाया और संवारा जाए। यूएन की यह पहल अच्छी है। दिल्ली विधानसभा को भी रंग से रंग दीजिये लेकिन जो हकीकत है वो सामने लाएं। 10 दिसम्बर तक विधानसभा को नारंगी रंग से रंगा जाए और ओ.पी. शर्मा की सदस्यता रद्द की जाए।

राखी बिड़लान ने कहा कि यूएन ने महिलाओं की महत्ता समझी है। लेकिन बेहद दुख के साथ यह कहना है कि बेटियां सुरक्षित नहीं है। अगर दिल्ली की बात करूं तो यहां और भयानक स्थिति है। सदन में महिला विधायक का अपमान सभी महिलाओं का अपमान है।

यूएन ने जो कदम उठया है। वह प्रशंसा के लायक है। लेकिन हमें यह समझ नहीं आता कि यहां क्या महिलाओं का सम्मान नहीं रह गया है। हमें दिल्ली और यहां की महिलाओं की चिंता करनी है। आज हमारे सम्मान पर आंच आई है, हमारे सम्मान को बचाया जाए।

4 दिसम्बर तक चलेगी विधानसभा
दिल्ली विधानसभा का सत्र अब 4 दिसम्बर तक चलेगा। गुरुवार को विधानसभा ने सर्व सम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया। पार्टी के मुख्य सचेतक जगदीप सिंह ने विधानसभा में यह प्रस्ताव रखा। अब 28 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक सदन को चलाया जाएगा। अध्यक्ष राम निवास गोयल ने बताया कि बढ़ाई गई समय अवधि के लिए भी विधायक ओ.पी. शर्मा सदन से बाहर रहेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें