फोटो गैलरी

Hindi Newsजेएनयू में 1900 छात्रों को मिला हास्टल

जेएनयू में 1900 छात्रों को मिला हास्टल

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में अकादमिक वर्ष 2016-17 में 1,931 विद्यार्थियों को हॉस्टल में जगह उपलब्ध कराई गई है। इनमें 451 पिछले साल के छात्र भी शामिल हैं। जेएनयू के कुलपति प्रो. एम. जगदीश...

जेएनयू में 1900 छात्रों को मिला हास्टल
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 23 Sep 2016 08:08 PM
ऐप पर पढ़ें

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में अकादमिक वर्ष 2016-17 में 1,931 विद्यार्थियों को हॉस्टल में जगह उपलब्ध कराई गई है। इनमें 451 पिछले साल के छात्र भी शामिल हैं। जेएनयू के कुलपति प्रो. एम. जगदीश कुमार ने अपने ट्विटर अकाउंट के माध्यम से यह जानकारी उपलब्ध कराई है। प्रो. कुमार के मुताबिक विश्वविद्यालय के इंटर हॉल एडमिनिस्ट्रेशन (आईएसए) को हॉस्टल में जगह के लिए इस वर्ष कुल 1,928 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 1,480 छात्रों को हॉस्टल में जगह उपलब्ध करा दी गई है।

इसके अलावा 113 विद्यार्थियों को दूसरे और तीसरे साथी के तौर पर कमरा उपलब्ध कराया गया है। बाकी बचे विद्यार्थियों को डॉर्मेटरी और हॉस्टल में जगह खाली होने पर कमरा उपलब्ध कराया जाएगा। प्रो. कुमार के मुताबिक पिछले साल तक विश्वविद्यालय में 89 कोर्स चलते थे जबकि अकादमिक वर्ष 2016-17 में इनकी संख्या बढ़कर 113 हो गई है। इस वर्ष 21 जुलाई तक हॉस्टल में 1,100 सीटें उपलब्ध थीं, जिनमें से 451 पिछले साल के छात्रों को आवंटित कर दी गईं। बाकी बचीं 649 सीटें रेगुलर आवंटन के लिए उपलब्ध थीं।

आईएचए के नियमों के मुताबिक दिव्यांग और विदेशी छात्रों को ऑन द स्पॉट हॉस्टल का आवंटन होता है। इन दोनों श्रेणियों के छात्रों को 175 सीटें दे दी गईं। आईएचए हॉस्टल का आवंटन मेरिट और आरक्षण नीति के आधार पर करता है। हालांकि आईएचए की कोशिश होती है कि एससी और एसटी श्रेणी के सभी विद्यार्थियों को हॉस्टल उपलब्ध करा दिया जाए। इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर हॉस्टल का आवंटन होता है।  

- 6,025 सीटें हैं जेएनयू के हॉस्टल में 
- 3,081 छात्रों ने इस वर्ष विश्वविद्यालय में लिया है प्रवेश 
- 1,928 विद्यार्थियों ने किया है हॉस्टल के लिए आवेदन 

जेएनयू में कुल 18 हॉस्टल हैं
- 07 हॉस्टल : सिर्फ पुरुषों के लिए 
- 05 हॉस्टल : सिर्फ महिलाओं के लिए 
- 04 हॉस्टल : महिलाओं और पुरुषों के लिए 
- 01 हॉस्टल : शादीशुदा छात्रों के लिए 
- 01 हॉस्टल : कामकाजी महिलाओं के लिए  
इसके अलावा 2 महिलाओं और 4 पुरुषों के लिए डॉर्मेटरी भी हैं। 
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें