नवादा से लापता दो किशोरों का मिला सुराग
नवादा शहर के गांधी नगर मोहल्ले से लापता दोनों किशोरों का सुराग मिल गया है। दोनों किशोरों के सकुशल दिल्ली में होने का पुख्ता प्रमाण मिला है। उनके सकुशल होने की खबर से टाउन पुलिस ने राहत की सांस ली है।...
नवादा शहर के गांधी नगर मोहल्ले से लापता दोनों किशोरों का सुराग मिल गया है। दोनों किशोरों के सकुशल दिल्ली में होने का पुख्ता प्रमाण मिला है। उनके सकुशल होने की खबर से टाउन पुलिस ने राहत की सांस ली है।
टाउन इंस्पेक्टर अंजनी कुमार ने बताया कि लापता किशोरों में से एक विभाकर कुमार के बहनोई दिल्ली में रहते हैं। बुधवार की शाम बहनोई ने फोन कर विभाकर के घर वालों को दोनों किशोरों के उनके घर होने की सूचना दी। इंस्पेक्टर ने कहा कि पुलिस टीम जल्द ही दोनों किशोरों को लाने दिल्ली जाएगी।
गोविन्दपुर के कुण्डा भलुआ गांव के बाल्मीकि यादव का बेटा विभाकर व नवादा के गांधीनगर के उपेन्द्र यादव का बेटा विकास 15 जनवरी की सुबह से लापता थे। विभाकर शहर के गांधीनगर मोहल्ले में उपेन्द्र यादव के मकान में किराये पर रहता था। इस बीच कई बार दोनों किशोरों ने फोन पर आने की बात की पर वे वापस नहीं लौटे। इस मामले में विभाकर की मां कमला देवी ने टाउन थाने में 17 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज करायी थी। पुलिस ने लापता किशोरों की बरामदगी के लिए विभाकर व विकास के कुछ दोस्तों से पूछताछ की, पर सुराग नहीं मिला था।